दुर्ग

12 साल पहले बेची जमीन के हजम कर लिए 64 लाख
11-Feb-2023 1:03 PM
12 साल पहले बेची जमीन के हजम कर लिए 64 लाख

बुजुर्ग महिला से विश्वासघात,  रिश्तेदार पर जुर्म दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 फरवरी।
बारह साल पहले बेची जमीन के 64 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बुजुर्ग महिला की शिकायत पर आरोपी रिश्तेदार पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार नेहरू नगर ईस्ट भिलाई निवासी सरोज मिश्रा (67 वर्ष)  ने अपनी सहेली सुधा शर्मा के साथ मिलकर संयुक्त नाम से रायपुर में स्थित भूमि जिसका खसरा नंबर 1347/1 व 1348/1 तथा रकबा 0.182 हेक्टेयर एवं खसरा नबर 1347/1 व 1348/1 रकबा 0.050, हेक्टेयर कुल रकबा 0.232 हेक्टेयर भूमि को राधा बाई सोनकर एवं रजवंतीन बाई निवासी रायपुर से क्रय किया था। यह जमीन विधिवत रूप से राजस्व अभिलेख में उनके नाम से दर्ज है।

उक्त भूमि को बेच कर रूपये सरोज मिश्रा एवं सुधा शर्मा को देने हेतु 50 रूपये के स्टाम्प पेपर में 5 अगस्त 2010 को उप पंजीयक कार्यालय दुर्ग में प्रमोद कुमार त्रिपाठी (55 वर्ष) नेहरू नगर पश्चिम भिलाई को दोनों महिलाओं ने पावर ऑफ एटॉर्नी दी थी और जिला दुर्ग के नाम आम मुख्तियारनामा निष्पादित किया गया था।

बाद में प्रमोद कुमार त्रिपाठी के द्वारा आम मुख्तियारनामा इस्तेमाल करते हुए 5 जनवरी 2011 को उपरोक्त भूमि को मेसर्स पूर्वा बिल्डकान द्वारा राम नारायण मिश्रा (54 वर्ष) निवासी लाखे नगर रायपुर के नाम से विक्रय पत्र निष्पादित किया गया।
विक्रय की कुल रकम 64 लाख 27 हजार रूपये को आम मुख्तियारनामा के मुताबिक  सरोज मिश्रा को दिया जाना था, जो कि आज नहीं मिला। प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने 64 लाख 27 हजार रूपये की धोखाधड़ी करते हुए यह रकम स्वयं ले ली है।
वृद्धा सरोज की शिकायत पर प्रारंभिक जांच में सुपेला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 406, 420 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
 


अन्य पोस्ट