दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 फरवरी। थोक सब्जी मंडी में कारोबार के समय को लेकर जारी विवाद का किसान संगठन और व्यापारी संगठन के बीच आज बनी सहमति के साथ समाधान हो गया है।
उल्लेखनीय है कि सब्जी मंडियों में कारोबार का समय कोरोना काल के पूर्व के समान करने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन ने कलेक्टर को आवेदन दिया था। इस पर कलेक्टर ने संयुक्त कलेक्टर गोकुल रावटे की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया था, उपसंचालक कृषि एस एस राजपूत, उपसंचालक उद्यानिकी पूजा साहू और मंडी सचिव पोर्ते को कमेटी का सदस्य बनाया गया था।
संयुक्त कलेक्टर गोकुल रावटे की अध्यक्षता में कमेटी ने आज दुर्ग के थोक सब्जी मंडी में व्यापारियों, किसान संगठन के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई थी जिसमे बड़ी संख्या में सब्जी उत्पादक किसान शामिल हुए, कमेटी ने सभी पक्षों की बात सुनी, किसानों और व्यापारियों ने कमेटी के सदस्यों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
मंडी सचिव पोर्ते की मौजूदगी में थोक सब्जी व्यापारी संगठन और छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि स्थानीय बाडिय़ों की सब्जियों की नीलामी कोरोना काल के पूर्व की तरह 10 बजे शड्ड3ुरू होगी दोपहर 12 बजे तक मंडी में लाये जाने वाली सब्जी की नीलामी की जाएगी। यह व्यवस्था आगामी मंगलवार 14 फरवरी से प्रभावशील होगा, बैठक में किसान संगठन की ओर से राजकुमार गुप्त, आई के वर्मा, उत्तम चंद्राकर और थोक सब्जी व्यापारियों के कार्यकारी अध्यक्ष नासिर खोखर शामिल थे ।