दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 फरवरी। कथा के अंतिम दिवस देवी चित्रलेखा ने सुदामा चरित्र एवं पंडाल में फूलों की होली आयोजन की।
फूलों की होली में पूरा पंडाल फूल फूल हो गया। चारों तरफ धर्मप्रेमी अपने हाथों से फूल उठाते हुए नजर आए, आयोजकों द्वारा लगभव 500 किलो फूल पूरे पंडाल में वितरण किया गया था।
कथा में देवी ने कहा कि अपने सनातन धर्म पर अडिग रहो, चाहे कैसी भी परिस्थिति हो सच्चा वैष्णव दुख हो या सुख दोनों परिस्थिति में समान रहता है। सुख में न वो फूलता है और दुख में वो न डूबता है।
सुख में मनुष्य सरकती रेती जैसा बन जाता है, समय कब बीत गया पता ही न चला और दुख में मनुष्य के हृदय में कांटा जैसा चुभता है, लेकिन दोनों ही स्थिति में वैष्णव को स्थिर रहना चाहिए। जीवन में कई बार बहुत सारी ऐसी बातें होती हैं, जो हमें अच्छी नहीं लगती हैं लेकिन तब भी ये विश्वास रखना चाहिए कि भगवान जो करे सो भली करे। जिस प्रकार माँ बाप अपने सन्तान की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार अपने भक्तों की रक्षा भी भगवान करते हैं।
कथा के सप्तम दिवस में देवी चित्रलेखा ने कथा आरंभ करते हुए भगवान के 16,108 विवाह का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान की 8 मुख्य पटरानी हुए और बताया कि एक भौमासुर नामक दैत्य एक लाख कन्याओं के साथ विवाह करने के उद्देश्य से उन्हें बंदी बना कर रख रहा था। तब उन कन्याओं के जीवन की रक्षा के लिए भगवान ने उस दैत्य का संहार किया और उन कन्याओं को कैद से बचाया मगर जब कन्याओं ने कहा कि इतने वक्त परिवार से दूर रहने के बाद उन्हें कौन स्वीकार करेगा। तो उन्हें इस लांछन से बचाने के लिए भगवान ने उन 16,100 कन्याओं से विवाह किया। उसके पश्चात सुदामा चरित्र एवं सुदामा मिलन की कथा सुनाई, इसके पश्चात कथा के मुख्य प्रसंगों को श्रवण करा के कथा सार सुनाया और फिर शाप की अवधि के अनुसार सुखदेव ने वहां से प्रस्थान किया परीक्षित ने खुद को भगवान में लीन कर लिया और तक्षक नाग ने उन्हें डंसा। इस सब के पश्चात कथा के विश्राम से पहले फूल होली का उत्सव हुआ और महा आरती के साथ सप्तम दिवस की कथा को विश्राम दिया गया।