दुर्ग
जांच कर रही पुलिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 जनवरी। छावनी थानांतर्गत कैम्प-1 क्षेत्र में महिला पर जादू-टोना का आरोप लगाते हुए दो परिवारों में जमकर मारपीट हुई है। इस घटना में एक परिवार के लोग दूसरे के घर में घुसे, फिर दोनों परिवार के बीच अचानक लात घूंसे चलने लगे। झगडऩे के बाद सभी को पुलिस थाना लेकर आई और काउंटर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है।
पुलिस के अनुसार दुर्गा किराना स्टोर के समीप निवासी चंद्रकला देवी (55 वर्ष) अपने घर में खाना बना रही थी, तभी मोहल्ले का राम प्रयाग चौधरी अपने बेटे अमित और पत्नी उर्मिला चौधरी के साथ उसके घर आया और तीनों एक राय होकर उसे गाली देने लगे।
रामप्रयाग का आरोप है कि चंद्रकला ने उसकी पत्नी उर्मिला पर जादू मंतर किया है। बात बढऩे पर सभी हाथ, घूसे व लात से चंद्रकला को मारने लगे, उसकी बेटी पूजा और बेटा संतोष बीच बचाव करने आए तो उन्हें भी मारपीट की। चंद्रकला के गाल, सिर, हाथ में चोट आई है।
जबकि उर्मिला देवी (55 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि वह सुबह दवाई लेने जा रही थी, तभी चन्द्रकला के घर के सामने से गुजरते समय चन्द्रकला ने उसे गाली दी। मना करने पर चन्द्रकला, सदन, पटेलू एवं राहुल चारों ने एक राय होकर उससे मारपीट की है। उर्मिला के हाथ एवं सिर में चोट आई है। इस दौरान उसके पति रामप्रयाग एवं बेटे अमित ने वहां पहुंच बीच बचाव किया है।
छावनी पुलिस ने चंद्रकला की रिपोर्ट पर रामप्रयाग, उर्मिला और अमित के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 452 व 506 के तहत और उर्मिला की रिपोर्ट पर चंद्रकला, सदन, पटेलु और राहुल के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506 के तहत जुर्म दर्ज किया है।