दुर्ग

सर्व समाज के लोगों ने भूमि आबंटन का किया विरोध
20-Jan-2023 6:12 PM
 सर्व समाज के लोगों ने भूमि आबंटन का किया विरोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुम्हारी, 20 जनवरी। सर्व समाज कुम्हारी द्वारा गुरुवार को वार्ड क्रमांक 11 स्थित खसरा न. 295 की भूमि को निजाम मुस्लिम समाज को भवन हेतु दिए जाने का विरोध करते हुए एक ज्ञापन मुख्य नगरपालिका अधिकारी जितेंद्र कुशवाहा को सौंपा।

उक्त ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने आरोप लगाया है कि जब पूर्व में यह भूमि आंगनबाड़ी के लिए प्रस्तावित थी, जिसे यह कहकर की भूमि नहर के बगल में होने की वजह से इसपर भवन निर्माण संभव नहीं है कहकर खारिज कर बाद में इसे निजाम मुस्लिम समाज भवन हेतु कैसे दे दिया गया। सर्व समाज द्वारा इस बाबत पालिकाध्यक्ष राजेश्वर सोनकर से भी मिलकर विरोध जताया गया साथ ही इसपर पुनर्विचार करने की बात कही गई है।

नगरपालिका परिषद अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर ने कहा कि परिषद में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित  किया गया है। जिस तरह सभी समाज को भूमि आबंटित की गई है। उसी प्रकार उन्हें भी सामाजिक कार्य हेतु भूमि आबंटित किये जाने का प्रस्ताव है। अभी भूमि आबंटित नहीं हुई है। आंगनबाड़ी का स्थान अलग है।

मुख्य नगरपालिका अधिकारी जितेंद्र कुशवाहा ने कहा, अभी आबंटन की प्रक्रिया नहीं की गई है। इसकी बाबत नगरपालिका प्रशासन द्वारा उच्च अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया जाएगा, पश्चात विधिवत संवैधानिक प्रक्रियाओं के अंतर्गत कार्य का निष्पादन किया जाएगा।


अन्य पोस्ट