दुर्ग
दुर्ग, 19 जनवरी। शादी का प्रलोभन देकर किशोरी के साथ रेप करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने आरोपी आदित्य सिंह को धारा 366 के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 4 के तहत 10 वर्ष सश्रम कारावास 10000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 1 वर्ष के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने पैरवी की थी।
विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने बताया कि 17 वर्षीय किशोरी को आरोपी आदित्य सिंह निवासी कैंप एक थाना वैशाली नगर ने बहला फुसलाकर एवं उससे प्यार मोहब्बत कर शादी करने का झांसा देते हुए उसके साथ लगातार रेप करता रहा। 26 जुलाई 2021 को भी आरोपी उसे जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बैठाकर नेहरू नगर में एक अस्पताल के पास सुनसान जगह पर ले जाकर रेप किया। जब देर शाम तक किशोरी घर नहीं पहुंची तब उसके परिजनों ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने आरोपी के पास से किशोरी को बरामद किया था।