दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 जनवरी। विवाह के अवसर पर मायके वालों द्वारा आवश्यक घरेलू सामान, सोने चांदी के जेवरात व नगदी रकम देने के बावजूद ससुराल वालों ने 5 लाख रुपए की मांग करते हुए पीडि़ता को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त किया। मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने पीडि़ता को उसके बच्चे के साथ घर से निकाल दिया। पिछले 8 माह से मायके में रह रही पीडि़ता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीडि़ता के पति,ससुर, सास के खिलाफ धारा 498 ए, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पोटिया कला दुर्ग निवासी पीडि़ता का विवाह बेमेतरा निवासी गोपे भारती पिता सिया भारती के साथ 22 अप्रैल 2019 को हुआ था। विवाह के अवसर पर पीडि़ता के माता-पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार सोने चांदी के जेवर, आवश्यक घरेलू सामान तथा नगद 25000 रुपए उपहार स्वरूप दिए थे। विवाह के डेढ़ माह बाद ही उसका पति गोपे भारती, ससुर सिया भारती तथा सास मोहर भारती सभी मिलकर उसे दहेज कम लाने की बात को लेकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त करने लगे। सभी आरोपी मिलकर उसे मायके से 5 लाख रुपये नगद तथा मोटरसाइकिल लाने के लिए दबाव देने लगे।
जब पीडि़ता इसके लिए तैयार नहीं हुई तो आरोपी उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करते रहे। जब प्रताडऩा अधिक हो गई तब पीडि़ता ने यह बात अपने मायके वालों को बताई। मायके वालों द्वारा समझाने पर भी ससुराल वाले अपनी बात पर अड़े रहे। इस पर पीडि़ता के माता-पिता ने किसी तरह 3,50,000 रुपए की व्यवस्था करके उसके पति को किराना दुकान खोलने के लिए दिए। कुछ दिनों बाद फिर से ससुराल वाले उसे और रकम लाने के लिए प्रताडि़त करने लगे। पीडि़ता ने और रकम लाने से मना किया तो आरोपियों ने मारपीट कर उसे बच्चे के साथ घर से निकाल दिया। पिछले 8 माह से पीडि़ता मायके में रह रही है।