दुर्ग

चाकू से वार करने वाले आरोपी को 5 वर्ष की सजा
19-Jan-2023 2:24 PM
चाकू से वार करने वाले आरोपी को 5 वर्ष की सजा

दुर्ग, 19 जनवरी। पुरानी रंजिश को लेकर धारदार चाकू से वार करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। नम्रता नोरगे न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की कोर्ट ने आरोपी अंकित डोंगरे को धारा 307 के तहत 5 वर्ष सश्रम कारावास, 1000 रुपए अर्थदंड तथा आयुष अधिनियम की धारा 25 के तहत 1 वर्ष सश्रम कारावास तथा 1000 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है।

अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक ललित कुमार देशमुख ने पैरवी की थी। 27 मई 2020 की रात 7.30 बजे प्रार्थी सागर ठाकुर निवासी नेवई भाठा इकबाल किराना दुकान में सामान खरीदने गया हुआ था। उसी दौरान वहां पर अभियुक्त अंकित डोगरे 23 वर्ष निवासी नेवई भाठा थाना नेवई भी वहां पहुंचा। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी अंकित ने सागर ठाकुर के साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर हाथ में रखे चाकू से वार कर दिया। इससे सागर को चोटे आई। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। किसी तरह सागर अपने घर पहुंचा और इसकी जानकारी अपने माता-पिता को दी। इसके बाद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई और घायल को अस्पताल ले जाया गया था।
 


अन्य पोस्ट