दुर्ग

इंस्पायर अवार्ड मानक की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी व स्पर्धा दुर्ग में
12-Jan-2023 5:37 PM
 इंस्पायर अवार्ड मानक की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी व स्पर्धा दुर्ग में

जिला स्तरीय 241 मॉडल और प्रोजेक्ट का प्रदर्शन भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 12 जनवरी।
इंस्पायर अवार्ड मानक की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता का आयोजन 18 एवं 19 जनवरी को खालसा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्ग में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में जिला स्तर पर चयनित 3 हजार 552 प्रतिभागियों में से सलेक्टेड 241 प्रतिभागियों द्वारा तैयार मॉडल, प्रोजेक्ट का प्रदर्शन किया जाएगा।

गौरतलब हो कि प्रदर्शनी में राज्य स्तर पर चयनित मॉडल, प्रोजेक्ट के लिए 19 और 20 जनवरी को राष्ट्रीय नव प्रवर्तक प्रतिष्ठान अहमदाबाद के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में चयनित प्रतिभागियों के लिए दो दिवसीय मेंटरशिप प्रोग्राम का आयोजन भी किया जा रहा है जिसमें एनआईटी, आईआईटी, आईआईआईटी के विशेष-विशेषज्ञों, प्रोफेसर द्वारा चयनित प्रतिभागियों को उनके प्रोजेक्ट, मॉडल, आइडिया को और अधिक बेहतर और उपयोगी बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

विदित हो कि राज्य स्तर पर चयनित प्रोजेक्ट, मॉडल, आइडिया को बेहतर बनाने डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी (डीएसटी), नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन (एनआईएफ) द्वारा प्रतिभागियों को आवश्यक धन राशि भी उपलब्ध करायी जाती है। राज्य स्तर पर चयनित होने वाले प्रोजेक्ट, मॉडल, आइडिया का प्रदर्शन राष्ट्र स्तरीय प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता में किया जाएगा। 

संचालक लोक शिक्षण सुनील कुमार जैन ने प्रतियोगिता आयोजन के संबंध में संचालनालय में बैठक लेकर जिलों से आए इंस्पायर आवार्ड मानक के जिला नोडल अधिकारियों को मार्गदर्शन एवं निर्देश दिए हैं। उन्होंने शिक्षा सत्र 2023-24 में इंस्पायर अवार्ड मानक में पंजीयन के लिए 90 हजार का लक्ष्य निर्धारित कर लक्ष्य की आपूर्ति के लिए रणनीति बनाकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया है।

उल्लेखनीय है कि सत्र 2022-23 में नई दिल्ली के प्रगति मैदान में इंस्पायर अवार्ड मानक की 9वीं राष्ट्र स्तरीय प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता 2020-21 के आयोजन में छत्तीसगढ़ राज्य के राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में चयनित 27 प्रतिभागी सम्मिलित हुए जिनमें रायपुर जिले से दिल्ली पब्लिक स्कूल के अदित सिंह द्वारा निर्मित बायोडिग्रेडेबल नेचुरल स्वीटनर कोटेड डिस्पोजेबल कप विथ इम्बेडेंड मेडिसिन इम्यूनो बुस्टर हर्ब मिक्स्चर प्रोजेक्ट चयनित हुआ। इसके अलावा विच्क्षण जैन विद्यापीठ कुम्हारी दुर्ग के छात्र हरित चंचानी द्वारा घरों में प्रयुक्त गैस सिलेण्डर के लिए  चाईल्ड सेफ्टी लॉक का प्रस्तुत मॉडल और प्रोजेक्ट राष्ट्रीय प्रदर्शनी में चयनित हुआ था।


अन्य पोस्ट