दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 जनवरी। भिलाई स्टील प्लांट और ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त अभियान में कब्जेदारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। टाउनशिप की सडक़ों पर बेतरतीब ठेला-खोमचा और अवैध दुकान लगाने वालों पर कार्रवाई हो रही है। बीएसपी इंफोर्समेंट सर्विसेस डिपार्टमेंट और ट्रैफिक पुलिस ने दुर्घटना रोकने के लिए मुख्य मार्गों पर संयुक्त रूप से कार्यवाही जारी रखी। सडक़ों पर जगह-जगह ठेले-खोमचे लगाने की वजह से ट्रैफिक जाम हो रहा था और कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
सोमवार को सेक्टर-8 से कार्रवाई प्रारंभ हुई और महिला कॉलेज, बत्तीस बंगला के सामने ओवर ब्रिज के पास, नेहरू नगर अंडर ब्रिज के पास, महाराणा प्रताप चौक से ठेले वाले खदेड़े गए। इसी तरह जेपी चौक पेट्रोल पंप के पास से फल ठेला बंद कराए गए और कुछ ठेलों को पलटा भी गया। चंद्रा मौर्या अंडर ब्रिज के पास जूता दुकानों को बंद कराया गया। एक फास्ट फूड ठेला संचालक पर भी कार्रवाई की गई। सेक्टर-1 चौक सेक्टर-5 चौक बालाजी मंदिर रोड चौक से फल ठेला वालों पर कार्यवाही की गई। सेक्टर-6 पंप हाउस के सामने से खिलौना वाले और जड़ी-बूटी वाले तंबू भी हटाए गए।
बीएसपी का कहना है कि संयुक्त अभियान और कार्यवाही निरंतर जारी रहेगा।इंफोर्समेंट डिपार्टमेंट ने कब्जेदारों से आवास भी मुक्त कराया है। सी 3 ब्लॉक-2, सडक़-56, सेक्टर-8 के सभी छ: आवास अवैध कब्जा मुक्त कराया गया। आवास 2 सी/56/08 सील कर पूछताछ कार्यालय सेक्टर-8 के सुपुर्द कर दिया गया है। इसी तरह सभी छ: आवास 2 ए, 2 बी, 2 सी, 2 डी, 2 ई तथा 2 एफ को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है।