दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 जनवरी। बहुचर्चित रावल मल जैन व सुरजी बाई हत्याकांड प्रकरण मामले में सोमवार को न्यायालय में अंतिम बहस हुई। विशेष न्यायाधीश शैलेश कुमार तिवारी की कोर्ट में बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने मौखिक तर्क करते हुए अपना पक्ष रखा। न्यायालय में मौखिक पर सोमवार को समाप्त हो गया।
इस प्रकरण में 23 जनवरी को फैसला आने की उम्मीद लगाई जा रही है। बचाव पक्ष के अधिवक्ता तारेंद्र जैन द्वारा कोर्ट में अभियुक्त के बचाव में अपना तर्क प्रस्तुत करते हुए उन्होंने न्यायालय से आग्रह किया कि अभियुक्त को दोषमुक्त किया जाए। वही अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक सुरेश शर्मा ने न्यायालय में कहा कि बचाव पक्ष ने ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं लाया जिससे बहुत गंभीर तरीके से प्रकरण प्रभावित होता दिख रहा हो।
इस मामले में पीठासीन न्यायाधीश ने एक-एक तर्क और दलील को बारीकी से सुना। न्यायालय द्वारा बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं को प्रकरण में अपनी तथ्यपरक बात रखने का अधिक से अधिक समय दिया गया। विशेष न्यायाधीश की कोर्ट में 3 दिनों से लगातार चल रही अंतिम बहस समाप्त हो गई।
अंतिम बहस के समाप्त होने के बाद 15 दिन के भीतर न्यायालय द्वारा फैसला सुनाया जाता है। इससे कयास लगाया जा रहा है कि 23 जनवरी को इस बहुचर्चित हत्याकांड प्रकरण में फैसला हो जाएगा।