दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 जनवरी। दुर्ग में लगातार सडक़ दुर्घटनाओं को लेकर विधायक अरुण वोरा ने चिंता जताई है। वोरा ने कहा कि शिवनाथ नदी पर बने पुल में बीती रात हुई सडक़ दुर्घटना में पति-पत्नी की मौत के बाद दोपहर में सेलूद और धौराभाठा के बीच एक्सीडेंट में ड्राइवर और एक महिला की मौत बेहद दुखद है। दुर्घटना में 12 लोग घायल हुए हैं जिसमें बच्चे भी शामिल हैं। दो की हालत गंभीर है। वोरा ने जिला प्रशासन को सतत रूप से यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने ठोस कदम उठाने कहा है।
वोरा ने कहा कि राज्य स्तरीय सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने दुर्ग जिले में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने का मुद्दा उठाया था। दुर्ग जिला प्रशासन भी जिला स्तरीय सडक़ सुरक्षा समिति की नियमित बैठक आयोजित करे और दुर्घटनाएं रोकने के लिए यातायात व्यवस्था चाक चौबंद करने समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करे। सभी ओवरब्रिज पर यातायात सुरक्षा के सभी इंतजाम होने चाहिए। पर्याप्त लाइट व्यवस्था के साथ ही रिफ्लेक्टर, संकेतक आदि का ध्यान नियमित रूप से रखा जाए। सडक़ों पर प्रकाश व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। कहीं पर भी अंधकार की स्थिति न रहे।
वोरा ने दुर्ग शहर के भीतर गौरवपथ की मौजूदा हालत पर भी चिंता जताई। वोरा ने कहा कि गौरवपथ के दोनों ओर गड्ढा खोदा गया था जिसकी फिलिंग नहीं की गई है। वोरा ने कहा कि गौरवपथ सौंदर्यीकरण व उन्नयन कार्य के तहत यहां विद्युत पोल हटा दिये गए हैं जिसके कारण प्रकाश व्यवस्था भी नहीं है। निगम कमिश्नर इसे गंभीरता से लें और यहां यातायात के लिहाज से सुरक्षा और प्रकाश की वैकल्पिक व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए।
गौरवपथ पर कई बार दुर्घटनाएं हुई हैं। यहां कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।