दुर्ग

महादेव और रेड्डी अन्ना ऐप की 2 ब्रांच से 6 आरोपी गिरफ्तार, कई मोबाइल जब्त
09-Jan-2023 12:58 PM
महादेव और रेड्डी अन्ना ऐप की 2 ब्रांच से 6 आरोपी गिरफ्तार, कई मोबाइल जब्त

लाखों के ट्रांजेक्शन की मिली जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 जनवरी।
दुर्ग पुलिस लगातार आनलाईन सटोरियों पर कार्रवाई कर रही है। जनवरी में अब तक तीन बड़ी कार्रवाई दुर्ग पुलिस कर चुकी है, जिसमें कुल 19 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। कल पुलिस ने सुपेला क्षेत्र में महादेव और रेड्डी अन्ना सट्टा ऐप की दो सब ब्रांच पर रेड मारकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से कई मोबाइल और लाखों का ट्रांजेक्शन भी मिला है।

सुपेला थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी भिलाई सुपेला क्षेत्र के रहने वाले हैं। इसमें पहला ब्रांच भीषम साहू (28 वर्ष) निवासी लक्ष्मी नगर सुपेला के निर्देशन में चल रहा था। इस ब्रांच पर छापा मारकर पुलिस ने भीषम सहित चंद्रभूषण साव (24 वर्ष) निवासी लक्ष्मी नगर सुपेला और जयंत सेन (22 वर्ष) शास्त्री नगर केम्प - 1 को गिरफ्तार किया है। भीषम सट्टा के साथ-साथ पेंटिंग का काम भी करता था। वहीं दूसरी ब्रांच मोहम्मद शादाब (23 वर्ष) निवासी गांधी चौक कैम्प-2 के नेतृत्व में चल रही थी। इस ब्रांच से पुलिस ने राजकुमार सिंह उर्फ मसाला (23 वर्ष) निवासी शांति नगर भिलाई और सचिन यादव (26 वर्ष) आर्य नगर कोहका को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार आरोपी सुपेला थाने में एक साथ दो-दो सट्टा ऐप पर दांव लगवाते रहे हैं। पुलिस ने उनके मोबाइल की जांच की तो उसमें एक नहीं दो-दो सट्टा ऐप डाउनलोड था। सभी आरोपी लडक़े महादेव और रेड्डी अन्ना बुक दोनों के लिए काम करते थे। कई लडक़ों के मोबाइल में बेट-9 का ऐप भी मिला है। ये खुद भी अपनी आईडी चला कर लोगों से दांव लगवाने का काम करते थे। ऐसा करके हर आरोपी रोजाना 10-15 हजार रुपए की कमाई कर रहे थे। पुलिस पकड़े गए सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। शुरूआती पूछताछ में आरोपियों से कई महत्वपूर्ण राज खोले हैं।

आरोपियों ने बताया कि उनके आका कौन हैं। वो लोग कहां-कहां बैठकर सट्टा चलवा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि इनके आका महाराष्ट्र, यूपी, एमपी, दिल्ली, पंजाब में बैठकर ऑनलाइन सट्टा का कारोबार कर रहे हैं। पुलिस को इन सभी की पूरी जानकारी मिलने के बाद वो सभी जगह एक साथ छापेमारी करेगी।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में वो इस बार जल्द बड़ी कार्रवाई करेगी जिसमें इस कारोबार से जुड़ा बड़ा खुलासा होगा।

 


अन्य पोस्ट