दुर्ग

अवैध होर्डिंग्स जब्त, 12 हजार जुर्माना भी वसूला
08-Jan-2023 8:50 PM
अवैध होर्डिंग्स जब्त, 12 हजार जुर्माना भी वसूला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुम्हारी, 8 जनवरी। कुम्हारी नगर पालिका परिषद क्षेत्र अंतर्गत कुम्हारी पालिका प्रशासन व दुर्ग, भिलाई, रिसाली, चरोदा निगम की संयुक्त टीम द्वारा शनिवार को कुम्हारी टोलप्लाज से लेकर जंजगीरी तक नेशनल हाईवे पर लगे अवैध होर्डिंग्स व अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई। जिसमें कुम्हारी दुर्ग भिलाई चरोदा व रिसाली निगम के पचास से भी अधिक कर्मचारियों  व अधिकारियों का सहयोग रहा।

कार्रवाई की शुरुआत कुम्हारी टोल प्लाजा क्षेत्र में नेशनल हाईवे के किनारे लगे अवैध विज्ञापन होर्डिंग्स, बेनर पोस्टर, झुग्गी झोपड़ी, ठेले व अवैध रूप से दुकान निर्माण को ढहाया गया। साथ ही कई लोगों से जुर्माना भी वसूल किया गया। सैकड़ों होर्डिंग्स की जब्ती बनाई गई। दुकानों के आगे लगे शेड भी निकलवाया गया।

पालिका प्रशासन की इस कार्रवाई से कई लोगों ने निराशा व्यक्त की। लोगों का कहना है कि कुम्हारी पालिका जनता की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी कर रही है सडक़ें जर्जर हो गई है खम्बों में लाईटें नही है। पहले लोगों को सुविधा दी जाएं फिर कार्रवाई करें। इस दौरान कई लोगों ने इसका विरोध भी किया लेकिन अमले ने किसी की नहीं सुनी और काम करते रहे।

कार्रवाई  में तेजी लाते हुए एक एग्रीकल्चर कंपनी द्वारा लापरवाही पूर्वक खड़ी ट्रेक्टर ट्राली को भी जब्त कर लिया गया बाद में उसे जुर्माना वसूल कर छोड़ा गया।

ज्ञात हो कि यह कार्यवाही दो दिनों तक कुम्हारी पालिका क्षेत्र में की जाएंगी उनके बाद आगे की निगमों में यह कार्यवाही 16 जनवरी तक जारी रहेगी। प्रत्येक निकाय से दो -दो अधिकारियों की नियुक्ति की गई है जिसमें कुम्हारी से राकेश साहू अनिल झा, चरोदा से ए. के चंद्राकर बिनु वर्मा, दुर्ग निगम से दुर्गेश गुप्ता जावेद अली, भिलाई निगम से बालकृष्ण नायडू अंजनी सिंह, रिसाली से पवन मिश्रा विनोद शुक्ला सहित प्रत्येक निकाय से दर्जनों कर्मचारियों की उपस्थिति रही।


अन्य पोस्ट