दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 8 जनवरी। छत्तीसगढ़ के बड़े ट्रांसपोर्टर्स में से एक हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के संचालक इंदरजीत सिंह को धमकी भरा पत्र भेजने वाले आरोपी को दुर्ग जिला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि आरोपी राजेश गुप्ता (46 वर्ष) निवासी ज़ोन 2 खुर्सीपार पूर्व पार्षद जोगिया के घर के पास के मोहल्ले का रहने वाला है। यह आरोपी ट्रांसपोर्टर सतबीर सिंह उर्फ सोनू के यहाँ पिछले कई सालों से सुपरवाइजरी करता है।
गौरतलब हो कि 6 जनवरी को हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के संचालक इंदरजीत सिंह की शिकायत बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई थी। जांच के दौरान पुलिस को कल संदिग्ध का सीसीटीवी फुटेज मिला। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव ने इस मामले में कहा था कि संदिग्ध के मिले सीसीटीवी फुटेज से शीघ्र ही उसकी पहचान कर ली जाएगी और पहचान के पश्चात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल ट्रांसपोर्टर की सुरक्षा के लिए दो जवान की तैनाती 6 जनवरी से ही कर दी गई है।
पुरानी भिलाई पुलिस ने बताया कि गुरुवार को सूर्य विहार निवासी इंदरजीत की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। तीन जनवरी को इंदरजीत के हथखोज स्थित आफिस के पते पर पत्र मिला है। पत्र में भेजने वाले का नाम पता नहीं लिखा है। मामले में पुलिस से सुरक्षा भी मांगी गई थी। इंदरजीत के अनुसार उनका ऑफिस 48/ए ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज में है। वर्तमान में वो सूर्या विहार फेस 2 बी/25 चौकी स्मृतिनगर में निवास कर रहे हैं। उनके आफिस में पोस्टल लेटर भेज जान से मारने की धमकी भेजी गई थी।