दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 जनवरी। पुरानी भिलाई और भिलाई नगर थाना अंतर्गत अलग अलग सडक़ दुर्घटनाओं में 3 लोग घायल हो गए हैं। सूचना पर पुलिस ने दो ट्रक और एक बाईक चालक के खिलाफ धारा 279 और 337 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुरानी भिलाई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उमदा निवासी डिकेन्द्र कुमार को चलाते हुए उमदा चौक भिलाई-3 के पास पहुंचा था तभी ट्रक हाईवा ने तेजी व लापरवाही पूर्वक चलाते हुए शुक्रवार की रात 9.30 बजे ठोकर मार दी जिससे डिकेन्द्र मोटर सायकल सहित गिर गया और उसके पैर में चोट आई। ट्रक चालक महेश कुमार के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है। घायल डिकेंद्र को भिलाई-3 अस्पताल में उपचारार्थ भेजा गया।
दूसरी घटना में वार्ड 47 गणेश बेकरी के पीछे संजय नगर न्यू खुर्सीपार निवासी वेद व्यास साहू अपनी बाईक से इंजीनियरिंग पार्क हथखोज से खुर्सीपार आ रहे थे तभी भिलाई-3 के पास ट्रक ट्रेलर चालक ने बाईक को ठोकर मार एक्सीडेंट कर दिया जिससे वेद व्यास मोटर सायकल सहित नीचे गिर गए। उनके सिर एवं बाएं पैर में गहरी चोट आई है एवं बाईक क्षतिग्रस्त हो गई। घायल को शासकीय अस्पताल सुपेला उपचार हेतु भर्ती कराया गया है। ट्रक ट्रेलर चालक घटना स्थल से वाहन समेत फरार हो गया है।
वहीं भिलाई नगर क्षेत्र में हुई सडक़ दुर्घटना में सेक्टर-8 निवासी कलिंगा यूनिवर्सिटी की छात्रा एकता मालेकर अपनी एक्टिवा से घर जा रही थी तभी सेक्टर 08 चौक स्टील क्लब के आगे मोड़ पर सामने से आ रही बाइक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए ठोकर मार दी। एकता के पैर में चोंट आयी है, उसे उपचार के लिये सुराज अस्पताल नेहरु नगर में भर्ती किया गया है। पुलिस ने बाईक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।