दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 जनवरी। श्रीराधा कृष्ण मन्दिर परिसर नेहरू नगर पूर्व में शुक्रवार को श्रीराम कथा का शुभारंभ दीदी माँ मन्दाकिनी श्रीरामकिंकर के श्रीमुख से हुआ। उन्होंने बताया कि किस प्रकार हम श्रीराम चरित मानस के माध्यम से अपने जीवन को परिवर्तित कर सकते हैं। यदि हम भगवान श्रीराम के चरित्र का अनुशरण करने का प्रयास करें तो निश्चित ही हमारे जीवन में परिवर्तन आएगा।
दीदी मंदाकिनी ने कहा भगवान राम ने एक अच्छे पुत्र, अच्छे पिता, अच्छे पति व अच्छे भाई के रूप में अपने जीवन को जिया। भगवान राम ने जिस प्रकार अयोध्या वासियों के सम्मुख अपने जीवन का त्याग प्रस्तुत किया, वह अभूतपूर्व था। एक सामान्य पुरुष राज गद्दी के लिए सब कुछ करने के लिए तैयार होता है लेकिन उन्होंने पिता के वचनों को पूर्ण करने और मां कैकेयी के हर्ष के लिए वनवास जाना उत्तम समझा। उन्होंने मानव समाज के समक्ष जो आदर्श प्रस्तुत किया, वह वर्तमान में भी प्रासंगिक है। उससे प्रेरणा लेकर हमें अपने जीवन को उत्तम बनाना चाहिए।
प्रथम दिवस की श्रीराम कथा में जिले के सांसद विजय बघेल की पत्नी रजनी बघेल भी पहुंची और दीदी मां मंदाकिनी का पुष्पहार से स्वागत उनका आशीर्वाद लिया। दीदी मन्दाकिनी रामकिंकर ने कथा में भगवान राम के जीवन आदर्शों का वर्णन करते हुए कहा कि नारियों को सम्मान देना जरूरी है। इस संसार में मां हमेशा से ही पूजनीय है।
नारी एक मां, बहन, पत्नी और अलग-अलग रूपों में हमारे सामने आती है। उसका सम्मान करेंगे तो हम भी जगत से सम्मान पाएंगे। उन्होंने नारियों के प्रति होने वाले अत्याचार का विरोध करते हुए कहा कि भगवान राम और हनुमान की तरह माताओं का सम्मान करें। मंदिर प्रांगण में शाम 7 बजे से श्रीराम कथा सुनने बडी़ संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। आज और कल भी यह श्रीराम कथा प्रांगण में होगी।