दुर्ग

पेट्रोल पंप पर युवक को दौड़ाकर चाकू मारने वाले हत्यारोपी 5 गिरफ्तार
06-Jan-2023 4:09 PM
पेट्रोल पंप पर युवक को दौड़ाकर चाकू मारने वाले हत्यारोपी 5 गिरफ्तार

शराब के नशे में हुआ विवाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 जनवरी।
दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के चलते 1 जनवरी की रात एक युवक पर चाकू से कई वार किए गए जिससे घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। इस घटना में आरोपियों ने पहले युवक और उसके दोस्तों को मारा पीटा, उसके बाद चाकू लेकर उसे सडक़ पर दौड़ाया फिर उसके पेट में कई वार किए। घायल ने रायपुर मेकाहारा हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। कुम्हारी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आज सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 

सीएसपी छावनी प्रभात कुमार ने बताया कि कुम्हारी स्थित आनंद पेट्रोल पंप के पास रविवार को कुछ आरोपियों ने तीन लडक़ों को बुरी तरह मारा। इसके बाद चाकू लेकर उन्हें सडक़ पर दौड़ाने लगे। जब एक युवक भागते-भागते थक गया तो उसके पेट में चाकू से वार कर आरोपी भाग निकले थे। इस घटना में देवबलौदा निवासी प्रवीण कुमार यादव (21 ) की मौत हो गई। 

यह वारदात एक जनवरी को देर रात लगभग 12 बजे की है। प्रवीण अपने दोस्त विनय, मोहन यादव और खिलेश सिंह के साथ अपने घर से कुम्हारी स्थित दशमेश ढाबा खाना खाने गया था। खाना खाने के बाद जब प्रवीण चलने लगा तो देखा उसकी एक्टिवा में पेट्रोल खत्म होने वाला है, वह अपने दोस्तों के साथ ढाबा के सामने स्थित आनंद पेट्रोल पंप पेट्रोल डलाने पहुंचा। उसी दौरान वहां तीन बाइक और स्कूटी में चार लडक़े पहुंचे और यहीं दोनों पक्ष में विवाद और मारपीट तक हुई। चारों युवक शराब के नशे में थे। उन लोगों ने बिना किसी विवाद के खिलेश से गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने खिलेश, मोहन और विनय से मारपीट की। मामला बढऩे पर एक युवक ने चाकू निकाल लिया। इसके बाद उसने प्रवीण और उसे साथियों को सडक़ पर ही दौड़ाना शुरू कर दिया। 

इसी दौरान यलो शर्ट ब्लू जींस पहने युवक और उसके साथियों ने प्रवीण के पेट में चाकू से वार कर दिया। इसके बाद प्रवीण लहुलुहान होकर वहीं गिर गया। गुरुवार को जब प्रवीण ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया तो कुम्हारी पुलिस ने इस मामले में हत्या का अपराध दर्ज किया। सीसीटीवी कैमरा व अन्य साक्ष्य जुटाने के आधार पर आरोपियों की पहचान तलाश की गयी। 

आज इस मामले में आरोपी बिट्टू, रजत, सुनील उर्फ अंडा, युगल और नरेंद्र निर्मलकर उर्फ लल्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया गया है। कुम्हारी पुलिस थाना से आगामी कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट