दुर्ग
भिलाई में अनूठा आयोजन
घर ले जाएँ एक नन्हा सदस्य और बने "अडाॅप्शन हीरो "
फ्री डाग-केट पपी अडाॅप्शन प्रोग्राम 7-8 जनवरी को
भिलाई नगर, 4 जनवरी। आज समाज में भले ही विदेशी नस्ल के पेट्स का पालन स्टेटस सिंबल बन गया है लेकिन हकीकत यही है कि देशी नस्ल के पेट्स ज्यादा वफादार व समझदार होते हैं। डाक्टर्स के मुताबिक इनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। पिपल्स फार एनिमल्स टीम दुर्ग-भिलाई में स्ट्रीट पपी पेट्स के अडाॅप्शन के लिए एक बडा़ कार्यक्रम 7 और 8 जनवरी को सूर्या टीआई माॅल जुनवानी में करने जा रही है जिसमें 2 से 6 महीने के डाग्स और कैट पपी को जीव प्रेमी परिवार निःशुल्क गोद ले सकेंगे।
गौरतलब हो कि कूड़े-कचरा व गंदगी में मंडराते स्ट्रीट डाग्स को देख हर कोई मुंह बना लेता है। इन्हें कुछ लोग घर के आसपास तक फटकने नहीं देते। आए दिन सड़क हादसों में इनकी मौत तक हो जाती है। लेकिन अब लोग स्वयं इनके प्रति संवेदनशील हो रहे हैं। स्ट्रीट डाग्स पालने का क्रेज कुछ समय से बढ़ा है। इन्हें न केवल घरों में पनाह मिल रही है, बल्कि परिवार के सदस्य की भांति प्यार-दुलार भी लोग दे रहे है। पीएफए, देशी वूल्फ़ जैसी संस्थाएं भी सामने आई हैं।
अमूमन देखा जाए तो सोसायटी में विदेशी नस्ल के कुत्ते स्टेटस सिंबल बन गए हैं। हजारों रुपये खर्च करके भी इनकी देखभाल मुश्किल होती है। सच्चाई यह भी है कि ये आलसी होते हैं, लोग शो-पीस के रूप में ही इन्हें रखते हैं जबकि देशी नस्ल के कुत्ते अच्छे हैं क्योंकि इनमें रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होने से अधिक बीमार नहीं होते, निःशुल्क मिलते हैं, समझदार, विश्वसनीय, अधिक वफादार और किफायती भी होते हैं।
पशु रोग विशेषज्ञ डाॅ. सौरभ जायसवाल ने बताया कि स्ट्रीट पेट्स की विदेशी नस्ल की अपेक्षा बेहतर इम्यूनिटी होती है। ये एक्टिव भी अधिक होते हैं। विदेशी नस्ल के पेट्स तेजी से वेट गेन करते हैं और इनमें हार्ट और ज्वाइंट्स की समस्या ज्यादा होती है, नतीजतन इनका रखरखाव काफी खर्चीला है।
डाॅ. सौरभ ने बताया कि गली में जन्मे देशी पेट्स दूध-रोटी में भी आसानी से पल जाते हैं। रखरखाव के अभाव और सामाजिक दुत्कार की वजह से अक्सर सड़क दुर्घटना में इनकी मौत हो जाती है। एंटीबायोटिक व अन्य मामूली दवाओं के अभाव में ये बीमार होते हैं। उन्होंने कहा कि जीव प्रेमियों को एक-एक स्ट्रीट डाग्स का दायित्व जरूर संभालना चाहिए ताकि इनका कष्ट दूर हो।
पिपल्स फार एनिमल्स संस्था ने आयोजन के संबंध में जानकारी दी कि 7 और 8 जनवरी को मेगा गोद लेने का शिविर पीएफए दुर्ग भिलाई यूनिट-2 द्वारा आयोजित किया जा रहा जिसमें लगभग 5 से 6 दर्जन डाग और कैट पपी जीव प्रेमी गोद ले सकेंगे। यह कार्यक्रम निःशुल्क है तथा दोनों दिन शाम 4 बजे से 8 बजे तक सूर्या टीआई मॉल में पेट्स अडाप्ट करने वाले इच्छुक जीव प्रेमी शिविर का लाभ ले सकेंगे। इसके आलावा आयोजन में मातृ विहीन गली मोहल्ले के पपी भी लोग ला सकते हैं ताकि उन्हें अडाप्ट करने वाले इच्छुक लोगों को सौंपा जा सके। पीएफए ने मातृ विहीन पपी की उम्र 2 महीने से 6 महीने के बीच निर्धारित की है। लाए जाने वाले पेट्स को कृमिनाशक दवा और उनका टीकाकरण होना जरूरी है। गोद लेने का अनुरोध केवल तभी पंजीकृत किया जाएगा जब उपरोक्त आवश्यकताओं को पूरा किया गया हो। मोबाईल नंबर 6261547739 पर व्हाट्सएप से मैसेज कर रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।