दुर्ग

जिला मुख्यालय में शीघ्र शुरू होगी पीएससी, नीट और आईआईटी की कोचिंग
04-Jan-2023 4:47 PM
जिला मुख्यालय में शीघ्र शुरू होगी पीएससी,  नीट और आईआईटी की कोचिंग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 जनवरी। जिला मुख्यालय में शीघ्र ही पीएससी, नीट और आईआईटी की कोचिंग आरंभ हो जाएगी। साथ ही सभी ब्लाक मुख्यालयों में भी बैंकिंग,रेलवे,एसएससी की कोचिंग भी आरंभ होगी। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने इस संबंध में निर्देश समीक्षा बैठक में दिये। 
उन्होंने कहा कि कोचिंग बढिय़ा होनी चाहिए। इसके लिए पूरी गुणवत्ता का ध्यान रखें ताकि रिजल्ट बेहतरीन हो सके। इसके लिए सभी तरह के  संसाधन जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे। बच्चों का बेहतरीन करियर सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे ध्यान में रखते हुए कोचिंग की व्यवस्था उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही कलेक्टर ने राजीव युवा मितान क्लब की गतिविधियों की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि इस योजना के माध्यम से युवा ऊर्जा को रचनात्मक रूप दिया जाए। इसके लिए नवाचार करें और ऐसी गतिविधियां करें ताकि युवाओं के मनोरंजन के साथ ही उनका ज्ञानवर्धन हो सके। बैठक में अपर कलेक्टर पद्मिनी भोई, अरविंद एक्का, भिलाई निगम आयुक्त रोहित व्यास, सहायक कलेक्टर लक्ष्मण तिवारी सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
 कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों में बड़े बाजारों को व्यवस्थित करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां पार्किंग से लेकर सिक्युरिटी तथा साफसफाई की अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए। इसमें व्यापारिक एसोसिएशन का सहयोग भी लें। जिन बाजारों में व्यापारी एसोसिएशन नहीं हैं वहां ऐसे एसोसिएशन बनाने के लिए व्यापारियों से चर्चा करने निगम आयुक्तों को कहा। 
कलेक्टर ने कहा कि बाजार जितने व्यवस्थित होंगेए उससे व्यापारियों को भी लाभ होगा और ग्राहकों को भी सुविधा बढ़ेगी। 

 


अन्य पोस्ट