दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 जनवरी। छत्तीसगढ़ जन संघर्ष मोर्चा के बैनर तले जिले के वामपंथी जनवादी लोकतंत्र समथर्कों ने संवैधानिक मूल्यों की रक्षा एवं दमन के विरोध में मानस भवन के पास दिन भर का धरना दिया। इस दौरान मोर्चा के लोगों वे जल जंगल जमीन बचाने आंदोलन तेज करने की बात कही साथ ही अंत में कलेक्टोरेट पहुंचकर अपनी मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश और देश में धर्मांतरण के बहाने अल्पसंख्यकों पर हमले किए जा रहे हैं। इस प्रकार उन्हें डराने का प्रयास किया जा रहा है। आदिवासियों को बरगलाकर नफरती सा प्रदायिक संगठनों के लोग उन्हें आदिवासियों पर ही हमले करने के लिए उकसा रहे हैं। इस प्रकार जनता का ध्यान भटकाया जा रहा है, ताकि नैसर्गिक संपदा, जल, जंगल और जमीन की लूट के खिलाफ संघर्ष करने के लिये जनता एकजुट न हो पाये।
आज संवैधानिक मूल्यों पर हमले तेज हो गये हैं। उनके मंसूबों का पूरा नहीं होने देना है और लोकतंत्र, संविधान, धर्मनिरपेक्षता की रक्षा करने के लिए मजदूर, किसान सहित सभी वर्गों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। सभा को कॉमरेड सौरा, कलादास डहरिया, भारतभूषण, प्रज्ञा बौद्ध, जय प्रकाश नायर, नीरा डहरिया, डॉ. राजेन्द्र नंदा, राजकुमार गुप्ता, दीपक निषाद संबोधित किया।