दुर्ग

प्राकृतिक पेंट से अपना घर सजाना चाहते हैं तो लिटिया की दीदियों से संपर्क करें...
03-Jan-2023 3:35 PM
 प्राकृतिक पेंट से अपना घर सजाना चाहते हैं तो लिटिया की दीदियों से संपर्क करें...

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 जनवरी।
  लिटिया के धान खरीदी केंद्र में कुछ समय पहले बनाये गये चबूतरों को सुंदर रंगों के डिस्टेंपर से सजाया जा रहा है। इन चटख और खिले रंगों को देखकर कोई भी सहज रूप से यह कहेगा कि इसके लिए डिस्टेंपर की खरीदी किसी हाडर्वेयर स्टोर से किसी एमएनसी के चटख रंगों के कैटलाग से देखकर की गई होगी। यह जानकर आश्चर्य होगा कि इतने सुंदर रंग से भरे यह पेंट ग्राम लिटिया में ही स्वसहायता समूहों की दीदियों ने तैयार किए हैं।
 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पश्चात सरकारी भवनों में इसका कार्य शुरू कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि सीएण बघेल ने साजा विधानसभा के ग्राम बोरी में भेंट मुलाकात के दौरान इसका निरीक्षण भी किया था और स्वसहायता समूहों की महिलाओं से इस संबंध में चर्चा भी की थी। सीएम ने इस दौरान कहा था कि आजीविका के लिए जितने नवाचार करेंगे और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप गुणवत्तायुक्त सामग्री तैयार करेंगे, उतना ही आपके लिए आय की संभावनाएं बढ़ती जाएंगी। 

ग्राम लिटिया की ग्रामीण बहनें गांव में ही डिस्टेंपर निर्माण कर रही हैं। डिस्टेंपर यूनिट की निर्माण क्षमता हर दिन हजार लीटर तक की है। उन्होंने इसका विक्रय भी आरंभ कर दिया है। साथ ही सरकारी इमारतों में डिस्टेंपर के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने अधिकारियों को विभागीय इमारतों में प्राकृतिक पेंट से पेंटिंग कराने के निर्देश दिये हैं, जिस पर कार्रवाई विभागीय अधिकारियों द्वारा की गई है।

गुणवत्तायुक्त पेंट प्राकृतिक विकल्प
गोबर से लीपे-पुते घर कितने सुंदर दिखते हैं और बिना किसी कीटनाशक के उपयोग से देर तक घर को प्रदूषण से मुक्त रखते हैं। यह जटिल और श्रमसाध्य कार्य है पर गांवों के अधिकांश घरों में रोज होता है। अब जब पक्के घर बन गये तो डिस्टेंपर भी आये और पोताई कम हो गई। डिस्टेंपर का बजट ग्रामीण क्षेत्रों के घरों में बढ़ गया। सीएम भूपेश बघेल की सरकार ने इसका विकल्प दिया और प्राकृतिक पेंट के निर्माण की पहल की।

 


अन्य पोस्ट