दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 3 जनवरी। यूक्रेन में ब्लैक राइस सप्लाई का झांसा देकर भिलाई के कारोबारी से 27 लाख की ठगी हुई है। शिकायत बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मामले में कारोबारी से प्रोसेस और सुरक्षा निधि के नाम पर अलग-अलग किश्त में रूपये जमा कराए गए है। रूपये लेने के बाद ठगों ने जब फोन बंद कर लिया और कारोबारी को राइस सप्लाई का काम नहीं मिला, तब ठगी के अंदेशे से कारोबारी ने रायपुर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस अफसरों ने बताया कि भिलाई निवासी राहुल बोरकर का मूलत: ट्रेवल्स का काम है। उसने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर बिलासपुर में एक्सपोर्ट-इंपोर्ट का कारोबार शुरू किया था। उसके पास पिछले साल दिल्ली की कंपनी वीई भारत डीमी प्रा.लि. के नाम से फोन आया।
फोन करने वाले ने अपना परिचय कंपनी के डायरेक्टर आदर्श सिंह के रूप में दिया। उसने खुद बात की और कुलदीप जोशी तथा कनिष्ठ से बात करवाई। कुलदीप और कनिष्ठ को कंपनी के संचालक मंडल का सदस्य बताया गया।
उन्होंने यूक्रेन में ब्लैक राइस सप्लाई का झांसा दिया। आरोपियों ने कहा कि ये बड़ी डील है। इसमें लाखों का फायदा होगा। राहुल झांसे में आ गया। आरोपियों के खाते में उसने अलग-अलग किश्त में 27 लाख रुपए जमा कर दिए। उसके बाद उसे सप्लाई का काम नहीं मिला। आरोपी और पैसों की डिमांड कर रहे थे और सप्लाई आर्डर नहीं मिलने पर जब कारोबारी ने रूपये लौटाने कहा तो आरोपियों ने फोन बंद कर दिया। रायपुर पुलिस केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश कर रही है।