दुर्ग

महादेव बुक की ब्रांच ध्वस्त, एमपी से दुर्ग पुलिस 6 आरोपियों को भिलाई लाई
01-Jan-2023 9:24 PM
महादेव बुक की ब्रांच ध्वस्त, एमपी से दुर्ग पुलिस 6 आरोपियों को भिलाई लाई

 मास्टर माइंड भीम की तलाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 1 जनवरी। दुर्ग पुलिस ने महादेव बुक पर कार्रवाई करते मध्यप्रदेश के बालाघाट से 190 नंबर की ब्रांच पर कार्रवाई करते 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया और आज भिलाई लेकर आई है। पकड़े गए आरोपियों से कुछ बहीखाते मिले हैं, जिससे पता चला है कि एक ब्रांच से एक दिन में ये लोग 6-8 लाख रुपए की कमाई करते हैं। आरोपियों के पास से 3 लैपटॉप, 14 मोबाइल व एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं।

दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि महादेव बुक पर जांच के दौरान उन्हें पता चला कि भिलाई के खुर्सीपार निवासी आशीष मेहरा (30 वर्ष), आकाश यादव (22 वर्ष), संदीप चौधरी (28 वर्ष), हाऊसिंग बोर्ड कैलाश नगर निवासी मो. इमरान (32 वर्ष), जलेबी चौक छावनी निवासी विनय कुमार (33 वर्ष) और छावनी निवासी धर्मेंद्र वर्मा (22 वर्ष) पिछले कुछ दिनों से गायब हैं।

 पुलिस ने जब इनकी कॉल डिटेल निकाली तो पता चला कि इनका संबंध शारदा पारा निवासी भीम से है। भीम महादेव पैनल चलाने और फर्जी खाता खुलवाने के मामले में मास्टर माइंड है। पुलिस ने कॉल डिटेल निकाली तो सभी की लोकेशन मध्यप्रदेश के वारा सिवनी जिला बालाघाट में मिली। एक जगह पर लोकेश मिलने पुलिस का शक पुख्ता हो गया।

दुर्ग एसपी ने तत्काल एक टीम बनाकर बालाघाट भेजा और 31 दिसंबर की रात वहां पहुंचकर एक किराए के मकान में छापा मारा तो भीम सहित सभी लोग रंगे हाथ महादेव बुक का काम करते गिरफ्तार किए गए। फरार आरोपियों ने बताया कि जिस समय पुलिस ने कार्रवाई की वहां भीम भी मौजूद था। वही 190 नंबर पैनल का मास्टर माइड और संचालक था। पुलिस जब 6 अन्य लडक़ों से पूछताछ कर रही थी तो भीम मौका देखकर पिछले दरवाजे से भाग खड़ा हुआ। पुलिस भीम की तलाश कर रही है।

आरोपियों ने बताया कि भीम ने उन्हें 15 हजार रुपए महीने पर काम दिया था। उसने उन्हें बताया था कि उन्हें सिर्फ लैपटॉप पर मैसेज भेजना है, इससे वो लोग इस काम के लिए राजी हो गए। आरोपियों का यह भी कहना है कि पहले वो लोग 8-10 हजार की नौकरी करते थे। 15 हजार रुपए मिलने से वह इसके लिए राजी हो गए, जो कि गलत था।

पुलिस ने जब आरोपियों के पास से जब्त बही खाता को खंगाला तो पता चला कि महादेव की एक ब्रांच में एक दिन का मुनाफा 6-7 लाख रुपए था। 29 दिसंबर के खाता बही को चेक करने पर पता चला कि महादेव के खाते में 11 लाख 40 हजार रुपए आए और 4 लाख 84 हजार रुपए जीत का देना पड़ा। इससे पता चला कि एक दिन का एक ब्रांच का मुनाफा 6 लाख 56 हजार व उससे अधिक है।


अन्य पोस्ट