दुर्ग

नोंकझोंक के बाद बहुमत के आधार पर सभी प्रस्ताव पारित, भिलाई निगम की सामान्य सभा रही हंगामेदार
31-Dec-2022 3:24 PM
नोंकझोंक के बाद बहुमत के आधार पर सभी प्रस्ताव पारित, भिलाई निगम की सामान्य सभा रही हंगामेदार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर,  31 दिसंबर।
नगर पालिक निगम भिलाई में शुक्रवार को सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सत्ता पक्ष ने सभी प्रस्ताव को बहुमत के आधार पर पारित कर दिया, वहीं विपक्ष ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
 इससे पहले बैठक शुरू होते ही विपक्षी पार्षदों ने डायरिया पर हंगामा मचाना शुरू कर दिया। भाजपा पार्षद पीयूष मिश्रा, दया सिंह, रिकेश सेन, पी. श्याम सुंदर राव , विनोद चेलक आदि ने डायरिया पर महापौर को जवाब देने की मांग की।

महापौर नीरज पाल  ने इस दौरान सामान्य सभा के मुद्दों पर चर्चा करने की बात कहते हुए डायरिया पर अंत में चर्चा करने की बात कही। इसके बाद प्रस्तावों पर चर्चा शुरू शुरू होते ही पार्षद पीयूष मिश्रा ने केनाल रोड में अंजू जयसवाल की जमीन संबंध में मामला उठाया तथा उन्होंने आयुक्त से इस प्रकरण का अवलोकन कर जांच करने की मांग की।

 आयुक्त रोहित व्यास ने सदन में कहा कि वे इस मामले की जांच करेंगे तथा पावर हाउस मछली मार्केट का नामकरण गफ्फार खान मछली मार्केट रखे जाने के प्रस्ताव पर भाजपा पार्षदों ने सदन के माध्यम से जानना चाहा कि या मांग किसके द्वारा लाया गया है।
 

वहीं भोजराज सिन्हा ने बताया कि शहीद विक्रम मांझी की मां ने ज्ञापन सौंपकर मछली मार्केट का नाम इनके शहीद पुत्र के नाम से रखने की मांग की है। भाजपा पार्षद भोजराज सिन्हा ने मछली मार्केट का नाम शहीद विश्राम मांझी के नाम पर रखने की मांग की। 

महापौर नीरज पाल वर्मा ने कहा कि पहले से उनके नाम पर चौक का नाम रखा गया है स्वर्गीय गफ्फार खान लंबे समय से उस मार्केट में व्यवसाय करते आ रहे हैं एवं हमारे पुराने पार्षद हैं इस दौरान काफी हंगामा भी हुआ। अंत में बहुमत के आधार पर इस प्रस्ताव को पारित कर दिया। पॉवर हाउस मछली मार्केट का नाम अब गफ्फार खान मछली मार्केट होगा।

सामान्य सभा में रामनगर मुक्तिधाम वार्ड में गौरव पथ से आजाद चौक तक सीमेंटीकृत सडक़ बनाने पर स्वीकृति मिली है। यह सडक़ बरसों से उपेक्षित थी, अब इसके संवरने का समय आ गया है। 

सामान्य सभा के सीमेंटीकृत सडक़ के साथ नाली निर्माण व ट्यूबलर पोल लगाने पर भी सहमति बनी है। इसके अलावा सेक्टर 1 में बने पार्क के एक भाग का नाम मिनी माता उद्यान व दूसरे भाग का नाम शहीद अमित नायक के नाम पर रखने पर भी सहमति बनी है।
 क लिस्टेड कंपनी को सफाई व्यवस्था देने का आरोप

सामान्य सभा के सदन में भाजपा पार्षद पीयूष मिश्रा ने साफ-सफाई मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने एक साल से साफ-सफाई का काम कर रही मेसर्स पी. व्ही. रमन को तीन महीने का एक्टेंशन देने पर आपत्ति दर्ज कराई। पार्षद पीयूष का कहना है कि इस सफाई कंपनी को धमतरी नगर निगम ने ब्लैक लिस्ट किया है। पीडब्ल्यूडी मैनुअल के अनुसार पूरे प्रदेश में ब्लैक लिस्टेड कंपनी को काम नहीं दिया जा सकता है। इसके साथ ही उसकी बकाया राशि भी रोकनी चाहिए। अगर ऐसी ब्लैक लिस्टेड कंपनी को काम दिया गया, तो यह अनियमितता होगी और इसके जिम्मेदार सत्ता पक्ष के साथ अधिकारी भी होंगे।

जिस संघ के अध्यक्ष हैं मेयर, उसी पर ही स्वयं लगाई मुहर
सामान्य सभा के दौरान प्रस्ताव-9 में वार्ड-14 जवाहर नगर स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में टेबल टेनिस ह?ल को दुर्ग जिला टेबल टेनिस संघ को आवंटित किए जाने का मामला सदन में रखा गया। इस पर पार्षद पीयूष मिश्रा ने मेयर नीरज पाल की चुटकी ली। उन्होंने कहा यह तो नेशनल हेराल्ड जैसा मामला सामने लाया गया है। मेयर नीरज पाल ही टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष हैं। उनके कहने पर ही नगर निगम में संघ के सचिव के माध्यम से आवेदन दिया गया। मेयर इन काउंसिल के समक्ष इसको प्रस्ताव के रूप में पेश किया गया और मेयर ने अपनी काउंसिल से प्रस्ताव को पारित भी कर दिया। ये मामला अब सामान्य सभा में पेश किया गया, जो बहुमत के आधार पर सत्ता पक्ष ने पास कर दिया है।

 


अन्य पोस्ट