दुर्ग
न्यू ईयर जश्न को हुड़दंगियों से बचाने दुर्ग पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 31 दिसंबर। दुर्ग-भिलाई शहर में न्यू ईयर के जश्न की तैयारी पूरी हो चुकी है। बड़े होटल और पार्क में न्यू ईयर की पार्टी ऑर्गनाइज की गई है जिसमें मुंबई दिल्ली से बड़े-बड़े सिंगर और रैपर आएंगे। नए साल के जश्न में कोई बाधा न आए इसके लिए दुर्ग पुलिस ने भी शांति और सुरक्षा की पूरी तैयारी कर ली है। जिसके लिए अलग-अलग जोन क्षेत्र में फिक्स वाहन चेकिंग पाइंट बनाए गए हैं, जहां टीम ड्यूटी देगी और पेट्रोलिंग भी रहेगी। वाहन चेकिंग के दौरान यदि कोई वाहन चालक ट्रैफिक नियम के विपरीत पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नए साल पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा 25 स्थानों पर चेकिंग पाइंट बनाया गया है। इन प्वाइंट्स में यातायात के 200 अधिकारी कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
गौरतलब हो कि शांतिपूर्ण ढंग से नव वर्ष मनाये जाने के लिए दुर्ग पुलिस व यातायात पुलिस देर रात तक कार्रवाई करेगी। नए साल को लेकर जगह-जगह पुलिस के प्वाइंट बनाए गए हैं। यहां पर हर समय ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी। लोग शराब के नशे में तेज रफ्तार वाहन, ब्लैक फिल्म, सायरन और तीन सवारी मोटर साइकिल में अधिक दिखते हैं और पुलिस के मना करने पर भी लोग नहीं मानते हैं। ऐसे लोगों को रोकने के लिए 24 घंटे पुलिस ड्यूटी करेगी। इस दौरान यदि कोई शराब पीकर, तीन सवारी, बिना नंबर, चार पहिया वाहन पर ब्लैक फिल्म, मोडिफाई सायलेंसर, हुड़दंग करते हुए वाहन चलाते पाए जाने पर सीधे वाहन जब्त कर लिया जाएगा और वाहन न्यायालय के आदेश पर ही छूटेगा। ट्रैफिक डीएसपी के नेतृत्व में निरीक्षक स्तर की 4 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। अलग-अलग जोन क्षेत्र फिक्स वाहन चेकिंग पाइंट बनाए गए हैं। यहां पर ये टीम ड्यूटी देंगी। साथ ही साथ पेट्रोलिंग भी करेंगी। वाहन चेकिंग के दौरान यदि कोई वाहन चालक ट्रैफिक नियम के विपरीत पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कल रात से ही चौक चौराहों पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शांतिपूर्ण ढंग से नववर्ष मनाने और नशे में वाहन न चलाने की सलाह लोगों को दी जा रही है।