दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 30 दिसंबर। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ग्रामीण मुकेश रावटे की अध्यक्षता में उनके दुर्ग स्थित कार्यालय में विभिन्न विषयों पर अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम, 28 से 30 दिसम्बर तक जिला स्तरीय विशेष टीकाकरण अभियान (कोविड), नियमित टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों के लिए जनवरी से मार्च तक चलने वाला विशेष टीकाकरण अभियान (एसआईडब्ल्यू) विषय पर स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, पंचायत विभाग के साथ विस्तृत चर्चा हुई।
विकासखण्ड निकुम को धुम्रपान मुक्त किस् जाने कार्ययोजना पर हुई बैठक के प्रारंभ में उपस्थित अधिकारियों को तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं कोटपा एक्ट 2003 की विस्तृत जानकारी दी गई। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मुकेश रावटे द्वारा कड़ाई से कोटपा एक्ट 2003 के अनुपालन हेतु निर्देश दिए।
सभी विभागों के माध्यम से अपने-अपने कार्यालय को तंबाकू मुक्त घोषित करने, सभी शैक्षणिक संस्थाओं एवं आस-पास के क्षेत्र को तंबाकू मुक्त घोषित करने एवं समस्त सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान को प्रतिबंधित करने हेतु व्यापक रूप से चालानी कार्रवाई करने निर्देश दिए, जिससे की भविष्य में विकासखण्ड को तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित किया जा सके।
खण्ड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी विक्रम रामटेके ने मीडिया को बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से बी एम ओ निकुम डॉ.देवेन्द्र किशोर बेलचंदन ने उक्त कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी बैठक में प्रस्तुत की।
इसके अलावा ब्लॉक में चल रहे ऐसे ब्यूटी पार्लर जिसमें अवैध रूप से स्टेरॉइड युक्त फेस क्रीम बेचा जा रहा है पर सख्त कार्रवाई करने की बात एसडीएम ने कही है। इस संबंध में उतई में संचालित एक ब्यूटी पार्लर की शिकायत प्राप्त हुई है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत शैलेन्द्र भगत, बीएमओ निकुम डॉ.देवेन्द्र किशोर बेलचंदन, बीपीएम ऋचा मेश्राम, खण्ड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी विक्रम रामटेके, गनेश राम भुआर्य, विकास खण्ड सहायक शिक्षा अधिकारी नीलम राजपूत, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग से नारद राम कोसरे, एनसीडी सलाहकार रीना वर्मा उपस्थित रहे।