दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 दिसंबर। शहर के सबसे प्रमुख व्यापारिक मार्ग इंदिरा मार्केट व स्टेशन रोड पर व्यापारियों की असहमति के बावजूद बनाए गया रोड डिवाइडर अब शहर के व्यापार के लिए अभिशाप बनता जा रहा है। ऑनलाइनए मल्टी स्टोर व कार्पोरेट जगत से प्रतियोगिता जैसी वैश्विक चुनौती के बाद डिवाइडर जैसी स्थानीय समस्या ने अब इंदिरा मार्केट और स्टेशन रोड के व्यापार को अपने चपेट में लेना शुरु कर दिया है।
डिवाइडर की वजह से वाहन चालन में होने वाली परेशानी की वजह से दुपहिया व चौपहिया वाहनों से आने वाले ग्राहक अब दूसरे बाजारों की ओर रुख कर रहे हैं।
कई दुकानदारों ने जब अब नियमित रुप से आने वाले कस्टमरों से वजह जाननी चाही तो सबका यही जवाब था कि एक तो पार्किंग नहीं है दूसरा अब डिवाइडर की वजह से सहजता से गाड़ी चलना संभव नहीं हो रहा है, जरा सी असावधानी से हरदम दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। डिवाइडर से हो रहे नुकसान व ग्राहक के पलायन जैसी समस्याओं से जूझने के लिए अब व्यापारियों ने कमर कस ली है।
हस्ताक्षर अभियान के प्रारंभ में ही इंदिरा मार्केट व स्टेशन रोड जैसे प्रमुख मार्ग पर स्थित 250 से भी अधिक व्यापारियों ने डिवाइडर तोड़े जाने की मांग वाले ज्ञापन में अपनी सहमति स्वरूप हस्ताक्षर किया है व यह संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल की बैठक हुई, जिसमें अनिल बल्लेवार, सुरजीत सिंह सलूजा, बसंत कुमार मोदी, राज आढ़तिया, विनेश वाघेला आदि ने कहा कि डिवाइडर हटाने के अभियान का जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा।