दुर्ग

कांग्रेस के 138वें स्थापना दिवस पर विधायक वोरा ने दी बधाई
29-Dec-2022 3:31 PM
कांग्रेस के 138वें स्थापना दिवस पर विधायक वोरा ने दी बधाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 दिसंबर।
राजीव भवन दुर्ग में अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी का 138वां स्थापना दिवस मनाया गया। जहां कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरूण वोरा ने कांग्रेसजनों को बधाई देते हुए कहा कि भारत की आजादी के इतिहास के साथ कांग्रेस का इतिहास संबद्ध है। कांग्रेस ने हमेशा देश को एक सूत्र में बांधने का काम किया है। आज का दिन बहुत ही गर्व और गौरव का दिवस है। 138 वर्ष का जनसेवा का सफर आसान नहीं है। इन बीते 138 वर्षों में आजादी के आंदोलन से लेकर, आधुनिक भारत के निर्माण, राष्ट्र की एकता व अखंडता, आम जनमानस के अधिकारों की रक्षा, लोकतंत्र की स्थापना और उसके सरंक्षण में सबसे बड़ी भूमिका कांग्रेस पार्टी ने निभाई है। देश के लिए हमारे पुरखों एवं नेताओं ने बलिदान दिया है। महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने भारत की एकता एवं सद्भावना को अक्षुण रखने अपने प्राणों की आहुति दे दी।

उन्होंने कहा, वर्तमान में जिस तरीके राहुल गांधी बीते 4 महीने से भारत जोड़ो यात्रा मेें कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा करने का संकल्प लिया है वे अपने आप में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। देश में जिस तरह की अराजकता फैली हुई है महंगाई एवं बेरोजगारी चरम पर है, उनके विरोध में राहुल लगातार चल रहे है। लगातार केंद्र की जनविरोधी भाजपा सरकार अनैतिक फैसलों एवं कुप्रबंधन से जनता को महंगाई एवं बेरोजगारी के जाल में उलझाती जा रही है।

उन्होंने कहा, देश की अर्थव्यवस्था एवं जीडीपी चौपट हो रही है। पंडित जवाहर लाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री एवं इंदिरा, राजीव  जैसे दूरदर्शी नेताओं के नेतृत्व में देश की उपलब्धियां एवं संपत्तियां निजी हाथों में बेची जा रही हैं जिसके खिलाफ राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी अडिग होकर खड़ी है।

कार्यक्रम में पूर्व महापौर शंकर लाल ताम्रकार, अलताफ  अहमद , राजकुमार पाली, अजय मिश्रा, संदीप वोरा, अलख नवरंग, आंनद कपूर ताम्रकार, कुणाल तिवारी, गौरव उमरे, सरस्वती साहू एवं सभी कांग्रेसजन, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट