दुर्ग

भिलाई-3 कॉलेज में प्राचार्य की बिना सूचना गैरहाजिर, स्पष्टीकरण मांगा
28-Dec-2022 6:43 PM
भिलाई-3 कॉलेज में प्राचार्य की बिना सूचना गैरहाजिर, स्पष्टीकरण मांगा

हेमचंद यादव विवि, दुर्ग की सेमेस्टर परीक्षाओं में कुलपति का आकस्मिक निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 28 दिसंबर। हेमचंद यादव विवि, दुर्ग की सत्र 2022-23 की सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान लगातार मिल रही शिकायतों के संदर्भ में विवि की कुलपति डॉ. अरूणा पल्टा तथा विवि के परीक्षा उपकुलसचिव डॉ. राजमणि पटेल, सहायक कुलसचिव हिमांशु शेखर मंडावी एवं वरिष्ठ क्रीडा अधिकारी डॉ. नरेश दीवान ने एक साथ 3 महाविद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इन महाविद्यालयों में शासकीय खूबचंद बघेल, स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई-3, शासकीय मोहन लाल जैन महाविद्यालय, खुर्सीपार, तथा कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर  7 भिलाई शामिल थे।

 

विवि के परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा द्वारा सेमेस्टर की परीक्षाओं के चलते रहने के दौरान अचानक महाविद्यालयों में निरीक्षण से महाविद्यालयों में हडक़ंप मच गया। परीक्षा कक्षों में वीक्षकों की अनुपस्थिति तथा भिलाई-3 महाविद्यालय में प्राचार्य की बिना सूचना अनुपस्थिति पर कुलपति ने कड़ी नाराजगी व्यक्त कर प्राचार्य से इस संबंध में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। कुलपति डॉ. पल्टा ने कहा कि परीक्षाएं एक महत्वपूर्ण कार्य है, जिसमें प्राचार्य से लेकर चपरासी तक के कर्मचारियों का सक्रिय योगदान आवश्यक हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी महाविद्यालय द्वारा बरती जाने वाली लापरवाही को विवि प्रशासन कदापि बर्दाश्त नहीं करेगा तथा इसकी सूचना उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को प्रेषित की जाएगी। कुलपति डॉ. पल्टा ने सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान महाविद्यालयों में स्नातक स्तर की कक्षाएं संचालित न होने पर भी कड़ी नराजगी व्यक्त करते हुए कक्षाएं सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देए दिए।

कुलपति द्वारा निरीक्षण के दौरान एक परीक्षार्थी नकल करता पकड़ा गया जिसके विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी। कल्याण महाविद्यालय, भिलाई में निरीक्षण के दौरान प्राचार्य डॉ. आर. पी अग्रवाल भी साथ थे। कुलपति ने परीक्षाओं के सुचारू संचालन एवं मूल्यांकन संबंधी निर्देश देने हेतु दोपहर 1.30 बजे ऑनलाईन रूप से समस्त महाविद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक लीं। महाविद्यालयों द्वारा परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य को गंभीरतापूर्वक न लिये जाने के प्रति कुलपति ने कड़ी नराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सेमेस्टर परीक्षाओं की समाप्ति तक वे प्रतिदिन विभिन्न महाविद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण करेंगी।


अन्य पोस्ट