दुर्ग

अवैध रेत खुदाई, विरोध में उतरे कांग्रेसी
27-Dec-2022 4:50 PM
अवैध रेत खुदाई, विरोध में उतरे कांग्रेसी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 27 दिसंबर। जनसमस्या निवारण शिविर में दिए गए आवेदन पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज़ कांग्रेस के दो पदाधिकारियों ने तहसील के सामने धरना प्रदर्शन के लिए तंबू तान दिया है। प्रदर्शनकारियों ने पहले ही लिखित ज्ञापन सौंप प्रशासन को अपनी मंशा बता दी थी। 
एसडीएम को सौंपे गए ब्लाक कांग्रेस प्रवक्ता योगेश कुर्मी एवं नगर युकां अध्यक्ष उमेश साहू के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन में कहा गया है कि कुरुद अनुविभाग अंतर्गत ग्राम पंचायत गुदगुदा के महानदी तट स्थित खसरा क्रमांक 2270 से अवैध रेत उत्खनन एव परिवहन के गम्भीर आपराधिक कृत्य किया जा रहा हैं। उक्त अवैध कृत्यों को रोकने व दोषियों पर कार्यवाही करने 22 दिसंबर को जन समस्या निवारण शिविर मे शिकायत दर्ज कराई गई थी। किन्तु आज प्रयत्न किसी भी प्रकार की कार्यवाही निरंक है। जिससे शासन को खनिज एव राजस्व एवं पर्यावरण की भी क्षति हो रही है। 
दोनों कांग्रेसी नेताओं का कहना है कि अधिकारी अवैध उत्खनन पर रोक लगाने में उदासीनता बरत रहे हैं, जिससे सरकार की छवि खऱाब हो रही है। प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार लाने हमें धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। जिसके तहत एसडीएम कार्यालय कुरूद के समक्ष 27 दिसंबर दोपहर 3 बजे तहसीलदार कुरूद का पुतलादहन। 28 को एसडीएम एवं 29 दिसंबर को दोपहर जिला खनिज अधिकारी का पुतला दहन किया जाएगा। इतने पर भी बात नहीं बनी तो 30 दिसंबर को दोपहर 2 बजे जिला कलेक्टर धमतरी का पुतला दहन होगा। तब तक नागरिक मंच के बैनर तले तहसील कार्यालय कुरूद के सामने अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन किया जायेगा।
 इस संबंध में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष शर्मा का कहना है कि प्रदर्शनकारियों की मांग जायज है, अधिकारी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करें। अनुविभागीय अधिकारी के छुट्टी में होने से यहां का प्रशासनिक काम संभाल रहे तहसीलदार नीलकंठ जनबंधु से मोबाइल पर संपर्क साधा  गया लेकिन फोन रिसीव नहीं करने की वजह से उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।


अन्य पोस्ट