दुर्ग

कल जमकर बवाल, आज अटलजी की मूर्ति स्थापना के लिए आयुक्त को कांग्रेस पार्षद ने दिया आवेदन
26-Dec-2022 5:34 PM
कल जमकर बवाल, आज अटलजी की मूर्ति स्थापना के लिए आयुक्त को कांग्रेस पार्षद ने दिया आवेदन

पार्षद का अचानक हुआ ह्रदय परिवर्तन...!

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
भिलाई नगर, 26 दिसंबर।
कल तक अटलजी की प्रतिमा स्थापना पर जमकर बवाल विरोध करने के बाद आज उसी पार्षद ने मूर्ति स्थापना के लिए निगम आयुक्त और महापौर को आवेदन दिया है। 

गौरतलब हो कि छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना का कल तक विरोध करने वाले कांग्रेस पार्षद मन्नान गफ्फार खान ने आज सोमवार को भिलाई निगम कमिश्नर के नाम पर आवेदन देकर मूर्ति स्थापना एवं उद्यान का नाम स्व. अटल बिहारी वाजपेयी रखने की मांग की है। जबकि रविवार को कैंप-2 के अटल उद्यान समिति के द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस के अवसर पर 25 दिसंबर को जब संत रविदास नगर के चटाई मोहल्ला में अटल स्मृति उद्यान में मूर्ति स्थापना की जा रही थी, तब वार्ड 37 के कांग्रेसी पार्षद मन्नान गफ्फार खान एवं उसके समर्थकों के ने न केवल जमकर विरोध किया, बल्कि दोनों ही पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई थी। पुलिस द्वारा बीच-बचाव कर कानून व्यवस्था को कायम रखा गया। 

रविवार देर शाम तक दोनों पक्षों के सहमत नहीं होने पर दुर्ग पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव की उपस्थिति में पुलिस कर्मियों के द्वारा अटलजी की मूर्ति स्थापना स्थल पर रख दी गई थी और धारा 145 लागू कर उक्त उद्यान को सील कर दिया गया था। 

कल तक जमकर विरोध करने वाले पार्षद मन्नान गफ्फार खान ने आज अचानक ही नगर पालिक निगम के महापौर परिषद की बैठक में पहुंचकर नगर निगम आयुक्त के नाम पर अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी एवं नगर निगम महापौर नीरज पाल को आवेदन सौंपा। इस आवेदन में पार्षद के द्वारा जोन-3, वार्ड क्रमांक-37 संत रविदास नगर में स्थित उद्यान का नामकरण स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने एवं अटलजी की मूर्ति स्थापना करने की मांग की गई है।

विदित हो कि संत रविदास नगर वार्ड क्रमांक 37 में अटल स्मृति उद्यान में समिति एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा कल पूरे उत्साह के साथ अटलजी के जन्मदिवस पर उनकी प्रतिमा की स्थापना की जा रही थी, तब इसी कांग्रेसी पार्षद एवं उनके समर्थकों को अटलजी की प्रतिमा स्थापना का कार्यक्रम नागवार गुजरा और उन्होंने पूरी शक्ति के साथ भाजपाइयों का विरोध किया।

 दोनों पक्षों में जमकर धक्का-मुक्की एवं झूमा झटकी भी हुई। पुलिस को हस्तक्षेप करते हुए दोनों ही पक्षों को शांत कराना पड़ा। कल शाम 5 बजे तक दोनों पक्षों के मध्य सहमति नहीं बनी, अंत में पुलिस ने भाजपाइयों द्वारा चयनित स्थल पर प्रतिमा रख दी और उद्यान को सील कर दिया, ताकि मूर्ति को कोई क्षति न पहुंचा सके। 

कल तक जिस पार्षद के द्वारा मूर्ति स्थापना का विरोध किया जा रहा था, अचानक ही उनका ह्रदय परिवर्तित हो गया और आज नगर पालिक निगम भिलाई मुख्यालय में महापौर परिषद की बैठक चल रही थी। तभी बैठक में आवेदन लेकर पार्षद मन्नान गफ्फार खान भी पहुंच गए और इस आवेदन में उनके द्वारा अटल स्मृति उद्यान में ही अटल जी की प्रतिमा स्थापना एवं उद्यान का नाम भी अटल बिहारी बाजपेई के नाम करने की मांग कर डाली। एक रात में ही उनका यह ह्रदय परिवर्तन कैसे हुआ, यह राज अभी भी कायम है। यदि प्रतिमा स्थापना के लिए सहमति देनी हुई थी तो कल दिन भर बवाल क्यों किया गया, समझ से परे है!


अन्य पोस्ट