दुर्ग
विशेष प्रार्थना सभा में जुटे समाज के लोग, जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 दिसंबर। प्रभु यीशू मसीह का जन्मदिन क्रिसमस पर रविवार को शहर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय मेनोनाइट चर्च में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। जहां पास्टर रेव्ह राकेश प्रकाश ने विशेष प्रार्थना करवाई और यीशु मसीह के जन्म पर आधारित कथा सुनाकर उनके संदेशों को दोहराया। चर्च में प्रभु यीशु के भक्तों ने प्रार्थना की और कैंडल जलाकर अपने परिवार, समाज के अलावा देश व प्रदेश के लोगों की खुशियाली के लिए प्रभु यीशु से कामना की। प्रार्थना उपरांत समाज के लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस पर्व की बधाई देकर खुशियां मनाई।
क्रिसमस पर विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव, राज्य मदरसा बोर्ड अध्यक्ष अलताफ अहमद, प्रदेश युकां महासचिव संदीप वोरा के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि भी चर्च पहुंचे थे। उन्होने प्रभु यीशु की प्रार्थना की और समाज के लोगों को क्रिसमस पर्व की बधाई दी। क्रिसमस पर्व पर मेनोनाईट चर्च में समाज के लोगों का सुबह से ही पहुंचने का क्रम शुरु हो गया था। जो देर शाम तक जारी रहा।
क्रिसमस को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह था। दोपहर बाद चर्च में केक काटकर प्रभु यीशु के जन्मदिन की खुशियां मनाई। इस अवसर पर मेनोनाईट चर्च के सचिव संजय सिंग, आमोस मसीह, सेवक आयविन पीटर्स, सेवक सिसिल डेविड, सेवक जॉय शामुएल, रेव्ह. डब्ल्यू.जे. विक्टर, एम.के. नंद, नीता फिलिप्स, मनोज रंगा आदि शामिल हुए।