दुर्ग
विरोध कर रहे पार्षद ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन मुझ पर हमले की खबर अफवाह-सीएसपी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 26 दिसंबर। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस पर भिलाई निगम के संत रविदास नगर के समीप स्थित अटल स्मृति उद्यान में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल एवं भिलाई भाजपा एवं अटल उद्यान वन समिति कार्यकर्ताओं द्वारा जिला भाजपा अध्यक्ष के नेतृत्व में अटलजी की प्रतिमा स्थापना कर अनावरण का कार्यक्रम किया जा रहा था, तभी वार्ड पार्षद मन्नान गफ्फार खान के नेतृत्व में उनके समर्थकों द्वारा अटल प्रतिमा स्थापना का विरोध किया गया। दोनों ही पक्षों के मध्य पुलिस बल की उपस्थिति में जमकर धक्का-मुक्की एवं झूमा झटकी भी हुई है। देर शाम को पुलिस अधीक्षक दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव की उपस्थिति में उद्यान के भीतर चयनित स्थल पर अटलजी की प्रतिमा को रखा गया।
डॉ. पल्लव ने कहा कि स्थल पर धारा 145 लगा दी गई है एवं उद्यान को सील कर दिया गया है, क्योंकि प्रतिमा स्थापना की स्वीकृति कलेक्टर से नहीं ली गई थी। समिति की ओर से कलेक्टर के समक्ष प्रतिमा स्थापना के प्रस्ताव को रखा जाएगा और उनके निर्णय के बाद ही मामले का पटाक्षेप होगा।
गौरतलब हो कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जयंती के अवसर पर रविवार सुबह करीब 8 बजे अटल उद्यान समिति के सुभाष सिंह, अमित मिश्रा, नारद सिंह, प्रदीप सेनगुप्ता, अरविंद सिंह, चंदन यादव द्वारा अटल स्मृति उद्यान में मूर्ति स्थापना एवं उसके अनावरण की तैयारी की जा रही थी तभी कांग्रेस पार्षद मन्नान के साथ काफी लोग वहां पहुंचे और दोनों ही पक्षों के मध्य घंटों विवाद चलता रहा।
कलेक्टर को भेजा गया प्रस्ताव, वहीं लिया जाएगा निर्णय-एसपी
शाम को विवादित स्थल पर दुर्ग पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव पहुंचे और दोनों ही पक्षों को समझाया, लेकिन देर शाम तक विवाद चलता रहा। दोनों ही पक्ष अपनी अपनी मांग पर डटे रहे। मामले का हल नहीं निकलने पर दुर्ग पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव द्वारा अटल स्मृति उद्यान में चिन्हित स्थान पर अटल जी की प्रतिमा रखी गई और विवादित स्थल पर पुलिस के द्वारा धारा 145 लगाकर उद्यान को सील कर दिया गया।
एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि समिति के द्वारा जिला प्रशासन से प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति नहीं ली गई है परंतु विवाद को समाप्त करने के लिए पुलिस की ओर से स्थल पर प्रतिमा रखी गई और उद्यान को सील कर दिया
गया। कलेक्टर के समक्ष प्रस्ताव रखा जाएगा। इस पूरे मामले में अब कलेक्टर ही निर्णय लेंगे।
उद्यान सील करने के बाद भी बल तैनात रहेगा, स्थिति नियंत्रण में-सीएसपी
रविवार शाम आईपीएस एवं नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रभात कुमार ने प्रतिमा स्थापना को लेकर हुए विवाद पर बयान जारी किया कि भिलाई निगम के वार्ड-37 संत रविदास नगर में स्थित अटल स्मृति उद्यान में प्रतिमा स्थापना एवं अनावरण को लेकर दो पक्षों के मध्य विवादास्पद स्थितियां उत्पन्न हुई थीं। इस दौरान वे स्वयं मौजूद थे, दोनों ही पक्षों के मध्य हाथापाई एवं धक्का-मुक्की की स्थितियां बनीं, परंतु उनके ऊपर किसी के द्वारा कोई सीधा हमला या जानबूझकर असहज करने वाला धक्का नहीं दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें कोई चोट या खरोंच नहीं आई है, उन पर पथराव किए जाने की बात पूर्णत: गलत है।
सीएसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा लोगों पर या लोगों द्वारा किसी पुलिसकर्मी पर कोई बल प्रयोग नहीं किया गया। दोनों पक्षों ने पुलिस साथ सहयोग किया और एक आदेश पर दोनों पक्षों की भीड़ 5 मिनट के भीतर तितर-बितर हो गई। फिलहाल अटल स्मृति उद्यान में व्यवस्था बहाल है और पुलिस की उपस्थिति बनी रहेगी।
विरोध कर रहे कांग्रेस पार्षद ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
वार्ड क्रमांक 37 संत रविदास नगर के पार्षद मन्नान गफ्फार खान के द्वारा स्थल पर उपस्थित भिलाई तहसीलदार क्षमा यदु को प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन में उनके द्वारा उल्लेखित किया गया है कि अटल स्मृति उद्यान कैंप 2 में अटलजी की प्रतिमा स्थापना के लिए समिति के द्वारा जिला प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई है। पूर्व प्रधानमंत्री अटलजी की प्रतिमा स्थापना के लिए संवैधानिक प्रक्रिया को अपनाने की मांग उनके द्वारा की गई है।