दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 26 दिसंबर। विद्या ज्योति इंग्लिश मीडियम स्कूल में तीन दिवसीय खेल वार्षिकोत्सव सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद रागिनी निषाद एवं विद्यालय के प्राचार्य रेवरेंट फादर लिजो मैथ्यु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पार्षद रागिनी निषाद द्वारा दीप प्रज्वलित एवं खेल मशाल (टॉर्च) जलाकर किया गया। प्राचार्य द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं साल देकर किया गया। पश्चात छात्रों द्वारा ड्रिल प्रस्तुत किया गया साथ ही दौड़ ,रिले रेस, कैरम, चैस, खो-खो, फुटबॉल, कबड्डी आदि विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया।
छात्रों ने बड़े ही उत्साह के साथ इसमें भाग लिया। सभी विजयी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि पार्षद रागिनी निषाद एवं प्राचार्य द्वारा मेडल सर्टिफिकेट एवं ट्राफी देकर पुरस्कृत किया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन से सभी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। छात्रों ने क्रिसमस कैरोल गीत भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य द्वारा सभी छात्र छात्राओं को केक वितरण कर शीतकालीन अवकाश की घोषणा की। कार्यक्रम में बच्चों के अभिभावकों सहित विद्यालय के समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।