दुर्ग
दुर्ग, 23 दिसंबर। भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग के फारेंसिक साइंस के विद्यार्थियों का दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने मध्य प्रदेश के बालाघाट जिला में स्थित कान्हा नेशनल पार्क का भ्रमण किया। कान्हा नेशनल पार्क में विद्यार्थियों ने बाघ, मोर, चित्तीदार हिरण, वनभैंसा, सांभर हिरण, जंगली सूअर, बारहसिंगा, नेवला आदि की प्रजातियों और उनके पदचिन्हों की पहचान के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विद्यार्थियों ने साल, घोस्ट ट्री, सागौन आदि पेड़ों का भी अध्ययन किया।
शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य फॉरेंसिक साइंस की शाखा वन्यजीव फारेंसिक विज्ञान एवं फारेंसिक एंटोमोलॉजी का अध्ययन कराना था। फारेंसिक एंटोमोलॉजी में कीड़ों का अध्ययन करते हैं, जिससे किसी अपराध के मामले को सुलझाने में मदद मिलती है। शरीर के अपघटन में पाए जाने वाले कीड़ों के अध्ययन से किसी मानव की मृत्यु का समय और स्थान का अंदाजा लगाया जा सकता है। वन्यजीव फारेंसिक साइंस में जानवरों व जानवरों के अंगों की अवैध तस्करी के रोकथाम में मदद मिलती है। फारेंसिक साइंस के विद्यार्थियों ने इनका प्रायोगिक अध्ययन किया।
उक्त भ्रमण के दौरान कुल 12 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक रूचि लेकर भाग लिया। शैक्षणिक भ्रमण के आयोजन में फारेंसिक साइंस विभाग की सहायक प्राध्यापक निशा पटेल ने विशेष योगदान किया। साथ ही सहायक प्राध्यापक डिंपल ने अपना सहयोग प्रदान किया। यह शैक्षणिक भ्रमण विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुशील चंद्राकर, कुलपति डॉ. एच. के. पाठक, कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र कुमार स्वर्णकार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।