दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 दिसंबर। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय नैक मूल्यांकन के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इस उपलब्धि का श्रेय उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन तथा विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों को दिया जाने वाला निरंतर मार्गदर्शन को जाता हैं । ये उद्गार विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने हाल ही में नैक द्वारा घोषित मूल्यांकन संबंधी परिणामों में स्थानीय सेंट थॉमस कॉलेज, रूआबांधा भिलाई को 3.08 सीजीपीए अंकों के साथ ए ग्रेड प्राप्त करने की बधाई देते हुए व्यक्त कियें। डॉ. पल्टा ने बताया कि हेमचंद यादव विवि का यह प्रयास है कि उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री उमेश पटेल, सचिव भुवनेश यादव तथा आयुक्त, शारदा वर्मा के मंशा के अनुरूप ज्यादा से ज्यादा महाविद्यालयों को नैक मूल्यांकन हेतु प्रेरित करने के साथ-साथ मूल्यांकन प्रक्रिया के संपादन में हर संभव मदद करें।
विवि के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप ने बताया कि महाविद्यालयों को अब नैक मूल्यांकन कराना अधिक आसान हो गया है, क्योंकि नैक मुख्यालय, बंगलुरू द्वारा महाविद्यालयों के स्वयं के मूल्यांकन हेतु ऑनलाईन मॉक टेस्ट तथा अंकों संबंधी बैंच मार्क जारी कर दिया गया है। इससे नैक मूल्यांकन के 07 क्राइटेरिया के अनुरूप महाविद्यालय स्वयं नैक मूल्यांकन में उनकों मिलने वाले संभावित ग्रेड का अनुमान लगा सकते हैं।
विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि हेमचंद यादव विवि से संबद्ध महाविद्यालयों में शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग को ए प्लस ग्रेड प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार 2 संबद्ध निजी महाविद्यालय श्री शंकराचार्य महाविद्यालय, जुनवानी भिलाई, सेंट थॉमस कॉलेज, रूआबांधा भिलाई को नैक द्वारा ए ग्रेड आबंटित किया गया है। इसके अलावा अन्य छ: महाविद्यालय बी डबल प्लस ग्रेड प्राप्त हुआ है। इन महाविद्यालयों में शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय, राजनांदगांव, एमजे कॉलेज, भिलाई, स्वामी श्री स्वरूपानंद महाविद्यालय, हुडको भिलाई, शासकीय वा. वा. पाटणकर कन्या महाविद्यालय, दुर्ग, शासकीय कमला देवी राठी कन्या महाविद्यालय, राजनांदगांव, शासकीय इंदिरागांधी महाविद्यालय, वैशाली नगर भिलाई शामिल हैं।
इन महाविद्यालयों के अलावा विष्वविद्यालय से संबद्ध 4 महाविद्यालयों को बी प्लस ग्रेड, 21 महाविद्यालयों को बी ग्रेड, तथा 14 महाविद्यालयों को सी ग्रेड प्राप्त हुआ है। विश्वविद्यालय से संबद्ध 10 महाविद्यालय ऐसे हैं जिन्हें स्थापना के 06 वर्ष पूर्ण न होने के कारण नैक मूल्यांकन की पात्रता नहीं हैं।
-------------