दुर्ग

रोजगार मेला में नौकरी पाने उमड़े युवा बेरोजगारों का बैंकिंग और माइक्रो फायनेंस सेक्टर में अधिक रूझान
22-Dec-2022 4:04 PM
रोजगार मेला में नौकरी पाने उमड़े युवा बेरोजगारों का बैंकिंग और माइक्रो फायनेंस सेक्टर में अधिक रूझान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 22 दिसंबर।
पावर हाऊस शासकीय आईटीआई मैदान और सेक्टर-6 लाइवलीहुड में बुधवार को दुर्ग जिले का अब तक का सबसे बड़ा रोजगार मेला आयोजित किया गया है। सुबह साढ़े 10 बजे से जिला सहित संभाग स्तर पर बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक और युवतियां इस मेले में नौकरी पाने के लिए पहुंचे हैं। विभिन्न सेक्टर्स से अनेक राज्यों में काम कर रहीं निजी कंपनियों के अलग-अलग 60 से अधिक नियोक्ता कंपनियों के प्रतिनिधियों ने मेला में स्टॉल लगाया है।

जिला रोजगार कार्यालय दुर्ग के उप संचालक राजकुमार कुर्रे ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन की पहल से दुर्ग जिले में वृहद रोजगार मेला का यह आयोजन किया गया है। इसे दो भागों में बांटा गया है। पहला सेक्टर-6 लाइवलीहुड कॉलेज, जहां 40 से अधिक नियोक्ता कंपनियां जॉब ऑफर करने पहुंची हैं वहीं 20 से अधिक कंपनियों ने आईटीआई ग्राउंड में आयोजित रोजगार मेला में अपना स्टॉल लगाया है। एक जगह पर अधिक भीड़ न हो इसलिए इस एक दिवसीय मेले को छ: अलग-अलग सेक्टर में डिवाइड किया गया है। यहां अलग-अलग ट्रेड के मुताबिक बेरोजगारों का रजिस्ट्रेशन करने के बाद युवाओं की पसंद अनुसार सेक्टर में इंटरव्यू के लिए भेजा जा रहा है। नियोक्ता कंपनियां युवाओं के रजिस्ट्रेशन फार्म में डिटेल भरकर फार्म में ही लिख रही हैं कि किसे सेलेक्ट किया गया, किसे वेटिंग में रखा गया और किसे रिजेक्ट किया गया है। इस डाटा को जिला रोजगार कार्यालय अपने पास रिकार्ड के रूप मे रखेगा।

उन्होंने बताया कि आज के रोजगार मेला के माध्यम से लगभग 42 हजार 50 पदों को भरने का लक्ष्य रखा गया है। दुर्ग में जितने पद भर जाएंगे और उसके बाद जो खाली रहेंगे उन पदों को बिलासपुर में आयोजित रोजगार मेले में भरा जाएगा। विदित हो कि मेला स्थल पर पहुंचे युवाओं का बैंकिंग और माइक्रो फायनेंस सेक्टर में अधिक रुझान देखा जा रहा है। बैंकिंग सेक्टर और माइक्रो फाइनेंस के जितने भी स्टॉल यहां लगे हैं, उनमें बेरोजगारों की काफी भीड़ दिखाई दे रही है।


अन्य पोस्ट