दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 दिसंबर। प्रेम विवाह करने के 7 माह के भीतर ही आरोपी ने पत्नी का जबरन गर्भपात करवाकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त करते हुए पीडि़ता को घर में छोड़ दिया और स्वयं सामान लेकर घर से कहीं और रहने चला गया। जब अपने पति से मोबाइल पर ही संपर्क करना चाहा तो आरोपी ने उसका फोन रिसीव नहीं किया। परेशान होकर पीडि़ता ने अपने पति के खिलाफ महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। महिला पुलिस आरोपी पति के खिलाफ धारा 498 ए के तहत अपराध दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।
संतराबाड़ी दुर्ग निवासी पीडि़ता का पति अमित जैन पेशे से व्यापारी है। अमित के साथ लगभग 4 साल तक प्रेम संबंध चलता रहा। जून 2022 में पीडि़ता ने अमित जैन से प्रेम विवाह किया था। कुछ महीनों बाद जब पीडि़ता ने स्वयं के गर्भवती होने की जानकारी अपने पति को दी तो पति का व्यवहार काफी खराब हो गया और वह जबरन गर्भपात कराने का दबाव देने लगा। जब पीडि़ता ने इसके लिए मना किया तो आरोपी ने धमकी देते हुए जबरदस्ती दवाई के माध्यम से गर्भपात कराने की कोशिश की। पीडि़ता ने दवाई का जब सेवन नहीं किया तो आरोपी ने उसे गर्भपात करवाने के लिए डॉक्टर के पास ले गया। गर्भपात करने के लिए 5 डॉक्टरों ने मना कर दिया। इसके बाद पति ने जबरन एक डॉक्टर के पास ले जाकर 7 दिसंबर को उसका गर्भपात करवा दिया।
आरोपी पति ने 9 दिसंबर को पीडि़ता का एक्टिवा वाहन को बनवाने के नाम पर अपने पास रख लिया। साथ ही गाड़ी के कागजात, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड सभी अपने पास रख लिया और अपना सभी सामान लेकर आरोपी पति घर छोडक़र कहीं और रहने चला गया था। जब पीडि़ता ने उसे एक फोन करके पूछा तो उसने कहा कि अब मैं तेरे साथ रहना नहीं चाहता हूं,मैं तेरे से तंग आ चुका हूं । पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि उसके ससुराल वालों के भडक़ाने के कारण वह इस तरह की हरकत कर रहा है। उसके ससुराल वाले शादी से पूर्व और शादी के बाद भी इस रिश्ते से खुश नहीं थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।