दुर्ग

मोतीलाल वोरा की पुण्यतिथि पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा
22-Dec-2022 3:26 PM
मोतीलाल वोरा की पुण्यतिथि  पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 दिसंबर।
  भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अग्रिम पंक्ति के नेता रहे पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व राज्यपाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री व लंबे समय तक राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी का निर्वहन करने वाले दिग्गज कांग्रेसी मोतीलाल वोरा की द्वितीय पुण्यतिथि पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत सभी वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। 
गांधी परिवार के अत्यंत करीबी एवं परिवार समान माने जाने वाले श्री वोरा को नमन करते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि वे राजनीति का पूरा पाठ्यक्रम रहे एक अभिभावक के रूप में उनकी दी हुई सीख एवं उनका प्रेम स्नेह आज भी हम सभी के साथ है। 
मल्लिकार्जुन खडग़े एवं राहुल गांधी ने भी उनकी कर्मशीलता को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। स्व. मोतीलाल वोरा की पत्नी शांति वोरा उनके पुत्र विधायक अरुण वोरा की मौजूदगी में शिवनाथ तट पुष्पवाटिका स्थित उनके समाधि स्थल पर भजन कीर्तन एवं सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जहां हनुमान मंदिर दुर्ग के पंडित आनंद महाराज, मुस्लिम समाज के मौलाना शहाबुद्दीन, मेनो नाइट चर्च के पास्टर राकेश प्रकाश एवं गुरुद्वारा के ज्ञानी दलजीत सिंह ने ईश्वर से श्री वोरा के लिए प्रार्थना की एवं सभी ने मोतीलाल वोरा से जुड़े अपने अपने संस्मरण सुनाते हुए उनकी कार्यशैली को अद्भुत बताया। 
कार्यक्रम के दौरान वोरा परिवार से उनके ज्येष्ठ सुपुत्र अरविंद वोरा, भतीजे राजीव वोरा, पौत्र सुमित वोराए, संदीप वोरा एवं समस्त परिजनों के साथ ही वरिष्ठ नेता प्रदीप चौबे, आरएन वर्मा, शंकरलाल ताम्रकार, सुभाष शर्मा, धीरज बाकलीवाल, राजेन्द्र साहू, अल्ताफ अहमद, सुमन पांडेय, संगीता वाघेला समेत सभी पार्षदगण, एल्डरमेन एमआईसी सदस्यों के साथ ही बड़ी संख्या में कांग्रेसी एवं आमजन मौजूद थे।

 


अन्य पोस्ट