दुर्ग

हाईवे पर दोनों तरफ 15 मिनट में 2 हादसे, दो की मौत, एक गंभीर
19-Dec-2022 1:14 PM
हाईवे पर दोनों तरफ 15 मिनट में 2 हादसे, दो की मौत, एक गंभीर

कुम्हारी ब्रिज पर हुए हादसे पर अफसरों का बयान दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 दिसंबर।
पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर जीआरपी चौकी के ठीक सामने सडक़ के दोनों तरफ रविवार 15 मिनट के अंतराल में दो सडक़ हादसे हुए। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, वहीं तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

दोनों दुर्घटना की प्राथमिक वजह अलग-अलग सामने आई है। पहले हादसे में दुर्ग से रायपुर की ओर रोड पर बाइक सवार सामने चल रहे ट्रक को ओवर टेक कर रहा था। इसी दौरान सडक़ पर पड़े रेत और गिट्टी के मलबा और ट्रक की ठोकर से बाइक अनियंत्रित हो गई। बिना हेलमेट चल रहा बाइक चालक ठाकुर प्रसाद गिरकर बुरी तरह घायल हुआ। सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
 दूसरी घटना रायपुर से दुर्ग की तरफ हुई। जिसमें बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए पहले सुपेला फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक की मौत हो गई।

बताया जा रहा है बाइक के सामने ट्रक चल रहा था। अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रही बाइक अनियंत्रित हो गई और बाइक पर सवार दोनों युवक गिर कर घायल हुए। पुलिस ने बताया कि उरईडबरी राजनांदगांव निवासी ठाकुर प्रसाद साहू बहन से मिलने रायपुर जा रहा था। तभी घटना स्थल पर वह अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। बताया जाता है ब्रेकर में अचानक उसकी गाड़ी अनियंत्रित हुई।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल सिर्फ एक ही मृतक की पहचान हो पाई है। वह उरईडबरी राजनांदगांव निवासी ठाकुर प्रसाद साहू है। वह अपनी बहन से मिलने रायपुर जा रहा था। उसकी बहन रायपुर में रहकर पढ़ाई कर रही है। उसे कुछ सामान पहुंचाने के नाम पर वह घर से निकला था। रायपुर की तरफ से आ रही बाइक सवार दोनों युवकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। गाड़ी नंबर के आधार पर पहचान का प्रयास किया जा रहा है। दोनों में से एक युवक घायल है और बेहोश है। उसके होश में आने के बाद पतासाजी की जाएगी। दोनों ही युवक मोटरसाइकिल से दुर्ग की तरफ आ रहे थे।

कुम्हारी पुलिस ने बताया कि पूर्व में 9 दिसंबर की रात कुम्हारी ओवरब्रिज के आर्च के समीप हुए दो सडक़ हादसों को लेकर जांच चल रही है। इसी के तहत शनिवार को कंसलटेंट कंपनी टैक्नो जैम कंपनी के दो अधिकारियों ने पुलिस को अपना बयान दर्ज कराया है।

टीम लीडर शैलेश झा और इंजीनियर एसपी निराला ने पुलिस को बताया है कि कंस्ट्रक्शन कंपनी रॉयल इंफ्रा कंपनी के निर्माण कार्य, काम की गुणवत्ता और मापदंडों के मुताबिक काम कराने की जिम्मेदारी उनके पास थी। इसी के तहत रिव्यू ऑफ डायवर्सन प्लान के तहत रॉयल इंफ्रां कंपनी के डायरेक्टर्स और इंजीनियर्स से समय समय पर पत्राचार किया गया है।

इस पत्राचार के माध्यम से सुरक्षा के मापदंडों के तहत ब्रिज के दोनों छोर पर डायवर्सन की व्यवस्था करना, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए फ्लैकमैन तैनात करना, बैरिकेडिंग, संकेतिक चिन्ह, डावर्सन बोर्ड लगाने की नसीहत दी गई है।


अन्य पोस्ट