दुर्ग

आठ महीने से फरार महादेव ऐप का सटोरिया गिरफ्तार
19-Dec-2022 1:09 PM
आठ महीने से फरार महादेव ऐप का सटोरिया गिरफ्तार

दूसरे के खाते में करोड़ों का लेन-देन कर हुआ था फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 दिसंबर।
ऑनलाईन सट्टा में मजदूर वर्ग को रुपए का लालच देकर सटोरिए उनका बैंक खाता खोल स्वयं संचालित करते हुए उस खाता में सट्टा कारोबार से करोड़ों का लेन-देन कर रहे हैं। वास्तविक खाताधारक को इस लेन देन की भनक तक नहीं है। सुपेला पुलिस ने ऐसी ही धोखाधड़ी करने वाले उस सटोरिए को कल धरदबोचा है जो लंबे समय से फरार था।

गौरतलब हो कि श्रमिक वर्ग को 10 से 15 हजार रूपये का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाता खुलवाने और फिर उसमें महादेव सट्टे की रकम का लेने-देन करने वाला आरोपी दुर्ग पुलिस के हत्थे चढा़ है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने यस बैंक में एक युवक का खाता खुलवा कर उसमें करोड़ों रुपए का लेन-देन किया था। इस मामले में पुलिस को आरोपी की तलाश थी।

सुपेला थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि 14 अप्रैल को शांति नगर निवासी हरिकांत द्विवेदी (24 वर्ष) ने सुपेला थाने में फर्जी बैंक अकाउंट खोले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि मनीष मिश्रा और शाहिल महिलांग ने मिलकर उसका यस बैंक में खाता खुलवाया था। इसके बाद बिना उसकी जानकारी के उस खाते में बड़ी रकम का लेन देन किया जा रहा था। जब उसके मोबाइल में उस खाते से बड़ी रकम निकालने और जमा होने का मैसेज आया, तब किसी फ्रॉड का अंदेशा हुआ और उसने तुरंत यस बैंक के मैनेजर से इस बारे में पता किया। उसे बताया गया कि मनीष मिश्रा ने खाते से चेक के माध्यम से 3 लाख 85 हजार रुपए का आहरण किया है। इसके बाद प्रार्थी ने मामले की शिकायत सुपेला थाने में दर्ज कराई थी।

सुपेला पुलिस ने मामला दर्ज कर यस बैंक के मैनेजर से पूछताछ की। इसके बाद इस मामले में मनीष मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, लेकिन हाउसिंग बोर्ड निवासी साहिल महिलांग फरार हो गया था। पुलिस को उसकी 8 महीने से तलाश थी। उसे गिरफ्तार करने पुलिस ने कई जगह दबिश भी दी थी। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और जेल भेजा है।


अन्य पोस्ट