दुर्ग

बारातियों पर चाकू से हमला, 7 घायल, 4 गिरफ्तार
18-Dec-2022 3:25 PM
बारातियों पर चाकू से हमला, 7 घायल, 4 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 दिसंबर।
मोहन नगर थाना अंतर्गत शक्ति नगर में डोंगरगढ़ से आई बारात में चाकूबाजी की घटना हो गई। बारात निकलने के दौरान मामूली विवाद पर स्थानीय आरोपियों ने बारातियों पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें बारात में शामिल 7 लोग घायल हो गए ।

जानकारी मिलते ही मौके पर मोहन नगर थाना प्रभारी विपिन रंगारी एवं कोतवाली थाना प्रभारी शिव नारायण सिंह टीम सहित पहुंचे। 108 वाहन की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां से तीन लोगों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें रायपुर मेकाहारा रेफर किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुछ घंटे के भीतर ही 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 मानस भवन के पास हो रहे निकाह के लिए  डोंगरगढ़ से बरात आई हुई थी। शुक्रवार की रात लगभग 9.30 बजे शक्तिनगर से  बारात बाजे गाजे के साथ गुजर  रही थी। इसी दौरान स्कूटी पर सवार एक व्यक्ति वहां से जा रहा था। स्कूटी सवार ने बारात में शामिल एक बच्चे को ठोकर मार दी। इस बात को लेकर स्कूटी सवार एवं बारातियों के बीच नोकझोंक हुई। इसके बाद स्थानीय युवक ने अपने अन्य साथियों को फोन करके बारात के पास बुलाया। इसके बाद 4 आरोपियों ने चाकू लहराते हुए बारात में शामिल लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इससे बारात में शामिल 7 लोग घायल हो गए। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस एवं पेट्रोलिंग टीम ने आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ कर दी। कुछ घंटे के भीतर पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस चाकूबाजी की घटना में बारात में शामिल आसिफ खान (44) निवासी रायपुर, कलीम बेग (23) निवासी छिंदवाड़ा, अलीम खान (31) निवासी डोंगरगढ़, सरफराज खान (25) निवासी डोंगरगढ़, सैयद खान (30) निवासी डोंगरगढ़, नकीब खान (16) एवं एक अन्य घायल हो गए। घायलों को पीठ, पैर, कमर, हाथ आदि में चोंटे आई। घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां से तीन घायल नकीब खान, कलीम बेग व सरफराज खान को हायर ट्रीटमेंट के लिए रायपुर रिफर किया गया।

मोहन नगर थाना प्रभारी विपिन रंगारी ने बताया कि बारातियों पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी जितेंद्र उर्फ  प्रिंस सोनी (19) निवासी शांति नगर, प्रदुमन वर्मा उर्फ  डब्बू (18)निवासी शांति नगर, तामेश्वर निर्मलकर (20) निवासी न्यू शांति नगर तथा मनोहर साहू (19) सिकोला बस्ती को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ धारा 294, 307, 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
 


अन्य पोस्ट