दुर्ग
शह-मात के खेल में होंगे दिलचस्प मुकाबले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 दिसम्बर। प्रदेश शतरंज संघ के मार्गदर्शन में जिला शतरंज संघ दुर्ग द्वारा आगामी 14 से 17 दिसंबर तक स्व. लालभाई आडतिया की स्मृति में श्री जलाराम ट्रॉफी राज्य ओपन शतरंज स्पर्धा का आयोजन श्री जलाराम सांस्कृतिक भवन में किया गया है।
जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत एवं कोषाध्यक्ष तुलसी सोनी ने स्पर्धा की जानकारी देते हुए बताया कि संघ के संरक्षक समाजसेवी प्रवीण भाई आडतिया के सहयोग से प्रतिवर्ष स्पर्धा कराई जाती है।
लोहाना महाजन समाज दुर्ग के विशेष सहयोग से आयोजित राज्य की सबसे पुरानी एवं प्रतिष्ठित स्पर्धा के रूप में श्री जलाराम ट्रॉफी अपनी पहचान बनाए हुए हैं। अविभाजित मध्यप्रदेश के समय से यह आयोजन होते आ रहा है। जलाराम ट्रॉफी शतरंज स्पर्धा का छत्तीसगढ़ के खिलाडिय़ों को बेसब्री से इंतजार रहता है। स्पर्धा में कुल 70 हजार नगद राशि पुरस्कार के अलावा 18 ट्रॉफी एवं भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन की तैयारी जोरों पर
राज्य स्तर की सबसे बड़ी इनामी राशि वाले इस स्पर्धा के आयोजन की जोरदार तैयारी चल रही है। आयोजन की तैयारी में जिला शतरंज संघ के कोषाध्यक्ष तुलसी सोनी, सचिव मिथिलेश बंजारे, उपाध्यक्ष दिनेश जैन, मोरध्वज चंद्राकर, ललित वर्मा, सह सचिव संजय खंडेलवाल, आरके ताम्रकार, हरीश सोनी एवं अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रियता से लगे हुए हैं।
स्पर्धा में प्रदेश के टॉप रेटेड खिलाडिय़ों की भाग लेने की संभावना है। स्पर्धा अंतरराष्ट्रीय नियम के आधार पर स्विस लीग पद्धति से 9 चक्रों में खेली जाएगी। भाग लेने वाले खिलाडिय़ों को ऑल इंडिया चेस फेडरेशन से रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। स्पर्धा में प्रवेश की अंतिम तिथि 13 दिसंबर को शाम 6 बजे तक निर्धारित है।
स्पर्धा में प्रवेश हेतु प्रदेश शतरंज संघ के सचिव हेमंत खूंटे, मिथिलेश बंजारे, रॉकी देवांगन, तुलसी सोनी, ईश्वर सिंह राजपूत से संपर्क कर सकते है। स्पर्धा के चीफ आर्बिटर अलंकार भिवगड़े, अनीस अंसारी, राकी देवांगन, मिथिलेश बंजारे एसके भगत होंगे।