दुर्ग
पीडि़त परिवार को दी आर्थिक सहायता
निर्माणाधीन फ्लाईओवर के दोनों ओर सीमेंट का लगाया अवरोध, सुरक्षा गार्ड तैनात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 दिसम्बर। कुम्हारी में निर्माणाधीन सडक़ में कल रात हुई सडक़ दुर्घटना में दो नागरिकों की मृत्यु हुई। दुर्घटना के तुरंत पश्चात प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने की कार्र्रवाई की गई, इसके साथ ही पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता भी घटना के तुरंत पश्चात उपलब्ध कराई गई।
मामले में कांट्रेक्टर कंपनी के विरुद्ध धारा 337, 304 में अपराध पंजीकृत कर लिया गया है। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा के निर्देशानुसार धमधा एसडीएम बृजेश क्षत्रिय ने फ्लाईओवर पर सुरक्षा उपायों के एनएच के अधिकारियों को जरूरी निर्देश देकर इस पर तुरंत कार्रवाई आरंभ कराई।
फ्लाईओवर के दोनों छोर पर सीमेंट का अवरोध लगाया गया और चारों स्थलों पर कांक्रीट वाल बैरीकेटिंग स्थापित किया गया है। इसके साथ ही फ्लाईओवर के दोनों ओर सुरक्षा के लिए ड्यूटी लगाने के निर्देश एनएच के अधिकारियों को दिए गए हैं। फ्लाईओवर के नीचे जहां निर्माण कार्य पूरा हो चुका है वहां से भी मलबा हटाने के निर्देश दिए गए, इसके बाद जेसीबी से मलबा हटा लिया गया है। एनएच के अधिकारियों को 20 दिसंबर तक सर्विस रोड के मेंटेंनेंस कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम श्री क्षत्रिय ने बताया कि स्टेशन चौक कुम्हारी, धमधा और स्टेशन जाने वाली रोड को जोडऩे वाली सडक़ की मरम्मत के लिए अनुविभागीय अधिकारी एनएच को निर्देशित किया गया है।
कुम्हारी के जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और आम नागरिकों से भी चर्चा की गई है, और उनके साथ ही सर्विस रोड का निरीक्षण किया गया है। एनएच के अधिकारियों को तत्काल सुधार कार्य आरंभ करने निर्देशित किया गया है। एसडीएम ने इस संबंध में तेजी से कार्रवाई करने और प्रतिदिन के कार्य की जानकारी देने एनएच के अधिकारियों को निर्देशित किया।