दुर्ग

कांग्रेस नेता व उद्योगपति के घर दो सिलेंडर फटे, किचन से दफ्तर तक फैली आग
11-Dec-2022 1:00 PM
कांग्रेस नेता व उद्योगपति के घर दो सिलेंडर फटे,  किचन से दफ्तर तक फैली आग

 दमकल कर्मियों ने आगजनी के बीच निकाले 3 भरे सिलेंडर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 दिसंबर।
दुर्ग के पद्मनाभपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत पद्मनाभपुर आवासीय कॉलोनी में उद्योगपति डीसी लुनिया के घर दो गैस सिलेंडर फटने से आग किचन से फैलते हुए उनके दफ्तर तक जा पहुंची। सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग के फायर कर्मियों के द्वारा रात 12 बजे पहुंच कर किचन के अंदर से तीन भरे सिलेंडर बाहर निकाला गया। आग पर पानी की बौछार कर घंटे भर मशक्कत बाद आग को नियंत्रित किया गया। इस आगजनी की घटना में करीब 25 लाख का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।

अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार पद्मनाभपुर कॉलोनी दुर्ग स्थित धर्मचंद लूनिया के निवास में देर रात को किचन में गैस सिलेंडर फटने से भयानक आग फैल गई। एक के बाद एक दो गैस सिलेंडर ब्लास्ट के साथ फटने से आग किचन से होते हुए घर से लगे उनके दफ्तर तक फैल गई। इस समय रात के लगभग 11.55 बजे फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
बताया गया कि यह आगजनी पद्मनाभपुर कॉलोनी में लुनिया निवास स्थान और दुर्ग एजुकेशन के दफ़्तर में हुई है। आग की सूचना पर तत्काल अग्निशमन कर्मियों को रवाना किया गया। वहाँ पहुँच कर दफ़्तर के पीछे किचन में सिलेंडर ब्लास्ट होने पर दफ़्तर एवं घर के सामानों पर आग पकड़ चुकी थी। देखते ही देखते आग ने यहां भयावह रूप ले लिया।

अग्निशमन कर्मियों ने दो सिलेंडर फटने के बाद भीतर रखा तीन भरा हुआ सिलेंडर सुरक्षित रूप से निकाला और बड़ी मशक़्क़त से आग पर क़ाबू पाया। आग लगने का कारण फिलहाल पता नहीं लग पाया है।
 अग्निशमन कर्मी एफ प्रवीण बारा, अवतार सिंह, नगर सैनिक जवान डीवहार देशमुख, हीरामन, राजू लाल ने आग पर काबू पाने सराहनीय भूमिका निभाई है।


अन्य पोस्ट