दुर्ग

खंजर की नोक पर कॉलेज छात्र की जमीन पर रगड़वाई नाक, पिटाई भी
11-Dec-2022 12:56 PM
खंजर की नोक पर कॉलेज छात्र की जमीन पर रगड़वाई नाक, पिटाई भी

 7 पर बलवा का केस दर्ज  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 दिसंबर।
भिलाई नगर थाना अंतर्गत नशे की हालत में युवकों ने कॉलेज छात्र से खंजर की नोक पर जमीन पर नाक रगड़वाई और उसे जमकर पीटा भी है। इस दौरान उन्होंने कुछ युवतियों से छेड़छाड़ भी की है।

कॉलेज के पीडि़त छात्र की रिपोर्ट पर भिलाई नगर पुलिस द्वारा इस मामले के सातों आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 294, 506, 323 के तहत जुर्म दर्ज किया है।
भिलाई नगर टीआई राजेश साहू ने बताया कि एसएफ लाइन कातुलबोर्ड दुर्ग निवासी सतीश बघेल (20 वर्ष) बीकाम अंतिम वर्ष की पढ़ाई करता है। नौ दिसंबर को पार्क के पास सतीश अपने दोस्त के साथ बातचीत कर रहा था। इस दौरान भिलाई नगर निवासी रोहित राव, ऋषिकांत, कबीर, साहिल, गनेंदर उर्फ गन्नू, जुनैद एवं अमन रब्बानी पहुँचे और युवकों ने बिना कारण के मारपीट करना शुरु कर दिया।

रोहित और ऋषिकांत अपने पास रखे खंजर से सतीश के पेट पर टिका उसे जमीन पर नाक रगडऩे बोल रहे थे। पीडि़़त ने इसका विरोध भी किया। घटना के समय सभी आरोपी युवक नशे की हालत में थे।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक कॉलेज में भी नशे की हालत में पहुंचते हैं। युवकों पर आरोप है कि उन्होंने कॉलेज की युवतियों के साथ भी बदतमीजी की है और उनके लिए यह आम है। घटना के बाद आरोपियों ने फोन पर प्रार्थी को जान से मारने की धमकी भी दी। फिलहाल पुलिस ने युवकों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है।
 


अन्य पोस्ट