दुर्ग

निगम उप अभियंता से मारपीट करने वाले पार्षद के खिलाफ अब छेड़छाड़ का आरोप
09-Dec-2022 1:22 PM
निगम उप अभियंता से मारपीट करने वाले पार्षद के खिलाफ अब छेड़छाड़ का आरोप

 दबाव में पुलिस पर पक्षपाती कार्रवाई की एसपी से शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 दिसंबर।
पांच महीने पहले भिलाई निगम के उप अभियंता आलोक पसीने से मारपीट करने वाले पार्षद योगेश साहू पर अब महिला से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने जब दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की तो नाराज लोगों ने इसे पुलिस का पक्षपाती रवैया बताते हुए थाना घेराव कर विरोध जताया तथा आज मामले की एसपी से शिकायत कर पार्षद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 

मिली जानकारी के अनुसार नगर पालिक निगम भिलाई के वार्ड 1 जुनवानी के पार्षद योगेश साहू पर महिला से छेडख़ानी व मारपीट करने का आरोप लगा है। महिला की शिकायत के बाद पहले तो स्मृति नगर पुलिस मामला नहीं दर्ज कर रही थी। नाराज लोग दिन भर चौकी में हंगामा करते रहे। बाद में पुलिस ने छेडख़ानी का मामला दर्ज न कर दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया। पुलिस की गलत कार्रवाई से महिला के पक्ष में बड़ी संख्या में लोग आ गए और आज एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव से मिलकर उन्होंने मामले की शिकायत की है। 

स्मृति नगर पुलिस के मुताबिक महिला ने आरोप लगाया है कि वार्ड 1 जुनवानी के पार्षद योगेश साहू ने उसके साथ छेडख़ानी कर गाली गलौज करते हुए मारपीट की है। 

महिला ने लिखित शिकायत में बताया कि 7 दिसंबर की रात वह अपने पति के साथ घर के बाहर खड़ी थी। उसी दौरान पार्षद योगेश साहू बाइक से नशे की हालत में आया। उसने बाइक को घर के बाहर खड़ा कर महिला को अश्लील इशारे करने लगा। महिला ने विरोध किया तो उसने उसके साथ छेडख़ानी शुरू कर दी। जब पति ने पार्षद को रोका तो उसने महिला व उसके पति के साथ गाली गलौज कर झगड़ा करने लगा। इससे झगड़ा बढ़ गया। मोहल्ले में लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। इसके बाद महिला व उसके पति स्मृति नगर चौकी पहुंचे और पार्षद के खिलाफ लिखित शिकायत दी।

 महिला का आरोप है कि कई लोगों के सामने पार्षद ने उसके साथ गाली गलौज कर मारपीट और छेडख़ानी की है। पुलिस पार्षद के दबाव में कार्रवाई नहीं कर रही थी। अधिक दबाव आया, तब पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करके अपना पल्ला झाड़ लिया। 

विदित हो कि इस क्षेत्र में खम्हरिया रोड पर एक लोडेड ट्रक के गुजरने से वहां की पुलिया धंस गई थी। इसे लेकर पार्षद ने अपने समर्थकों के साथ चक्का जाम कर दिया था। इसके बाद जब निगम के उप अभियंता मौका मुआयना करने पहुंचे तो उसने उनकी कॉलर पकड़ मारपीट की थी। जिसकी शिकायत निगम ने थाना में की थी।


अन्य पोस्ट