दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 8 दिसंबर। कल पद्मनाभपुर स्टेडियम में टीम चयन के दौरान दुर्ग विधायक अरुण वोरा के शॉट से बॉल सीधे एक कॉलेज छात्रा खिलाड़ी के मुंह में लगी। जिससे उसका होंठ फट गया। विधायक उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और उसका इलाज कराया।
मिली जानकारी के मुताबिक दुर्ग के पद्मनाभपुर स्टेडियम में कल दुर्ग विश्वविद्यालय की क्रिकेट टीम का सलेक्शन हो रहा था। इसके लिए सभी संबंधित महाविद्यालयों से महिला और पुरुष टीम के चयन कार्यक्रम में दुर्ग विधायक अरुण वोरा को भी बुलाया गया था। विधायक वोरा ने कार्यक्रम के दौरान क्रिकेट खेलते हुए फोटो शूट कराने की इच्छा जताई तो वोरा समर्थकों ने गल्र्स प्लेयर से बैट लेकर विधायक को दे दिया। इसके बाद एक दूसरी लडक़ी को बॉलिंग करने के लिए कहा गया।
फील्डिंग के लिए गल्र्स प्लेयर विकेट से नजदीक खड़ी थी। बॉलर ने हल्की बॉल डाली, विधायक ने चौका मारने बैट को हवा में भांजा, बॉल बैट से लगकर इतनी तेज गई की सामने खड़ी गल्र्स प्लेयर के मुंह में जा लगी। इससे गल्र्स प्लेयर का होंठ फट गया और खून निकलने लगा। लोग दौड़े और बच्ची को घायल हालत में देख विधायक वोरा भी घबरा गए।
उन्होंने बच्ची को अपनी गाड़ी में बिठाया और उसे सीधे जिला अस्पताल गए। सूचना मिलते ही दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल पहले से ही वहां मौजूद थे और डेंटिस्ट डॉक्टर रेणुका बाकलीवाल से उसका इलाज करवाया। इलाज के दौरान बच्ची को टांके लगे हैं। फिलहाल उसकी हालत सामान्य है और उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है।