दुर्ग
चोरी के जेवरात खरीदने-बिकवाने वाले भी पकड़ाए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 नवंबर। सुपेला, वैशाली नगर, स्मृति नगर क्षेत्र के सूने मकानों में घटित नकबजनी के 4 मामलों के चार आरोपियों ने एक नाबालिग के साथ घटना को अंजाम दिया था। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर उन्हें आज गिरफ्तार किया गया है। चोरी की गहने खरीदी बिक्री करने वाले तीन आरोपियों को भी पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी घटना के पहले घूम-घूम कर रेकी किया करते थे।
दुर्ग पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव ने पत्रकार वार्ता में बताया कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के मद्देनजर संदेहियों पर निगाह रखी जा रही थी, आदतन अपराधियों व जेल से रिहा हुये अपराधियों से पूछताछ कर पतासाजी के प्रयास किये जा रहे थे। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा का अवलोकन करने पर 3 संदेहियों के फुटेज प्राप्त हुए जिसके आधार पर सोशल मीडिया के माध्यम से विभिन्न व्हाट्सअप ग्रुप में पतासाजी हेतु फुटेज वायरल किये गये थे। जिससे आरोपियों की पहचान सुपेला इंद्रा नगर निवासी शाहिल खान, तुकेश्वर ठाकुर एवं 1 नाबालिग लडक़े के रूप में सुनिश्चित हुई। टीम द्वारा आरोपियों की सतत् निगरानी करते हुए सुपेला क्षेत्र में उनकी उपस्थिति के आधार पर घेराबंदी कर तीनो को पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी गुमराह करते रहे किंतु सघन एवं तथ्यात्मक पूछताछ करने पर घटना के संबंध में अपने दोस्त गुलाम खान एवं महेश यादव के साथ पांचों मिलकर सुपेला, वैशाली नगर एवं स्मृति नगर क्षेत्र के 4 सूने मकानों में अलग-अलग समय पर रेकी कर नकबजनी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए गहने सामान को बाजार खैरागढ़ निवासी धर्मेंद्र वर्मा के माध्यम से सालेखुर्द धमधा निवासी गैंदराम जंघेल को बेचा। आरोपियों के बताए अनुसार धर्मेंद्र वर्मा व गेंदराम जंघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर धर्मेंद्र वर्मा के द्वारा आरोपियों के द्वारा लाये गये सोने-चांदी के जेवरातों को अपने रिश्तेदार ज्वेलरी शॉप में काम करने वाले गेदराम जंघेल के परिचित सोना गलाई का काम करने वाले मानस जेना के पास बिकवाना बताया। मानस जेना के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात बरामद किया गया है। कुछ जेवरात आरोपियों के द्वारा छिपाकर रखे गये स्थानों से उनकी निशानदेही पर बरामद कर लिया है। अग्रिम कार्यवाही थाना सुपेला, वैशाली नगर एवं चौकी स्मृति नगर से की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों से सोने के जेवरात लगभग 90 ग्राम, चांदी के जेवरात व सिक्के लगभग 250 ग्राम, इलेक्ट्रानिक सामान में हेयर ड्रायर, एलईडी, ब्यूटी पार्लर कीट, कैंची, साडिय़ां 5 नग, सलवार 3 नग जब्त किया गया है । गिरफ्तार आरोपियों में शाहिल खान (18 वर्ष) निवासी इंदिरानगर शीतला मंदिर के पास सुपेला, महेश यादव (18 वर्ष) इंदिरा नगर शीतला मंदिर के पास सुपेला, गुलाम खान (23 वर्ष) पंचराम मिर्जा गली नहर पार रावण भाठा सुपेला, सोनू उर्फ तुकेश्वर उर्फ डोकरा (19 वर्ष) शीतला मंदिर के पास सुपेला और एक नाबालिग शामिल है। सोने-चांदी के जेवरात खरीदने व बिकवाने वाले आरोपी धर्मेन्द्र वर्मा (27 वर्ष) निवासी बाजार तरिया कुकुरमुडा थाना खैरागढ़, गेंदराम जंघेल (26 वर्ष) निवासी साल्हेखुर्द थाना धमधा जिला दुर्ग, मानस जेना (43 वर्ष) निवासी सोनारपारा खैरागढ़ शामिल हैं।